‘पास’ का विरोध, कांग्रेस-भाजपा पार्षदों ने किया हंगामा

2419
कांग्रेस-भाजपा

नगर निगम में साधारण सभा की बैठक

बीकानेर। नगर निगम में आज साधारण सभा की बैठक उस समय ‘खास’ हो गई जब जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को ही अन्दर जाने के लिए ‘पास’ जारी किए गए। कांग्रेस-भाजपा पार्षदों ने नगर निगम के इस फैसले का विरोध करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।

दरअसल, नगर निगम की ओर से इस बार साधारण सभा में प्रवेश के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों को ‘पास’ जारी किए गए थे। पहले से इसकी जानकारी ज्यादातर लोगों के पास नहीं थी। साधारण सभा के शुरू होते ही कांग्रेस-भाजपा के पार्षदों ने सबसे पहले निगम के इसी निर्णय का विरोध किया।

कांग्रेस-भाजपा पार्षदों ने कहा कि वे जनप्रतिनिधि हैं, जनता ने उन्हें चुनकर यहां भेजा है। फिर बैठक में शामिल होने के लिए ‘पास’ की जरूरत कहां हुई। कुछ देर बाद यह मुद्दा तो खत्म हो गया लेकिन पार्षदों ने आज हुई साधारण सभा की बैठक के दौरान मौजूद पुलिस जाब्ते को लेकर भी अपना विरोध महापौर नारायण चौपड़ा और निगम आयुक्त के सामने जताया।

पार्षदों ने कहा कि साधारण सभा की बैठक के लिए चार-पांच दर्जन पुलिसकर्मियों की मौजूदगी महापौर और निगम प्रशासन पर सवालिया निशान खड़े कर रही है। इससे पहले भी यहां साधारण सभा होती रही है लेकिन आज तक इतनी पुलिस की मौजूदगी कभी नहीं देखी गई।

कुछ सकारात्मक निर्णय भी हुए

आरोप-प्रत्यारोप के बीच साधारण सभा में डीएलबी के निर्देशानुसार सफाईकर्मियों की भर्ती में 250 पद और बढ़ाने का प्रस्ताव पारित हुआ। वहीं संविदा पर कार्यरत टे्रक्टर चालक और अन्य कर्मचारियों को सफाईकर्मियों की भर्ती में विशेष प्राथमिकता दिए जाने के प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजे जाने का निर्णय लिया गया। समाचार संकलन तक साधारण सभा की बैठक जारी थी।

भाजपा पार्षदों ने ही लगाए घोटाले के आरोप

बैठक में भाजपा पार्षदों ने निगम प्रशासन पर ट्रेक्टर खरीद में कमीशन लेने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि निगम के पास पहले से ही जो ट्रेक्टर हैं, वे भी यूं ही खड़े हैं। उन पर कर्मचारी ही नहीं है। ऐसे में निगम प्रशासन को नए ट्रेक्टर खरीदने की जरूरत ही क्योंकर पड़ी। कमीशन हासिल करने के लिए ही जबरन नए ट्रेक्टर खरीदे गए हैं।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.