संगठन महामंत्री कार्यकर्ताओं से कर रहे मुलाकात
जयपुर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को लेकर जल्द फैसला होना अब दूर की कौड़ी लग रहा है, लेकिन प्रदेश भाजपा मुख्यालय की आबोहवा में जबरदस्त बदलाव हुआ है। अध्यक्ष नहीं होने और अघोषित तौर पर कमान संगठन महामंत्री के हाथों में होने से प्रदेश मुख्यालय में अब कार्यकर्ताओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।
संगठन महामंत्री से कार्यकर्ताओं के मिलने के लिए अलग से कक्ष भी तैयार किया गया है। इसमें प्रतिदिन कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौर चल रहे हैं। चुंकि संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर पार्टी मुख्यालय में ही रहते हैं और अभी तक मिलने-जुलने वालों व कार्यकर्ताओं अपने ऊपर वाले कक्ष में ही मिल रहे थे, लेकिन अब जब मिलने वाले कार्यकर्ताओं की तादाद बढ़ती जा रही है। लिहाजा मुख्यालय में सीढ़ियों के पास स्थित कमरे को तैयार कर लिया गया है।
संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर वहीं दिनभर में तकरीबन डेढ़ सौ से दो सौ कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। पिछले पांच दिनों से उनकी सक्रियता काफी बढ़ गई है।
गौरतलब है कि संगठन महामंत्री का पद भाजपा में काफी महत्वपूर्ण होता है। प्रदेश इकाई में संगठन महामंत्री का दायित्व संघ के किसी प्रचारक को ही दिया जाता है। चन्द्रशेखर उत्तरप्रदेश से यहां आए हैं।
दूसरे नेताओं को खटकने लगे हैं संगठन महामंत्री
जानकारी के मुताबिक संगठन महामंत्री की सक्रियता पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं को खटकने लगी है। हालांकि अभी तक किसी ने मुंह तो नहीं खोला है लेकिन अंदर ही अंदर चन्द्रशेखर की सक्रियता को लेकर सवाल जरूर उठाने लगे हैं।
कई लोग तो यह भी कह रहे हैं कि यदि चन्द्रशेखर से ही काम चल सकता है तो प्रदेशाध्यक्ष का मुद्दा छोड़ देना चाहिए। वहीं दूसरी ओर पार्टी के कुछ नेताओं का मानना है कि चन्द्रशेखर की सक्रियता की वजह से संगठन में कलह बढ़ सकती है। जिसका खमियाजा पार्टी को विधानसभा चुनाव में उठाना पड़ सकता है।