अब कांग्रेस करेगी जनता से सीधा संवाद

2453
कांग्रेस

पार्टी के बड़े नेता घर-घर जाकर करेंगे संपर्क और बांटेंगे पर्चियां

बीकानेर। प्रदेश में राहुल गांधी के दौरे के बाद अब कांग्रेस का चुनावी अभियान शुरू हो गया है। कांग्रेस मेरा बूथ मेरा गौरव अभियान के बाद अब जनता से सीधा संपर्क जोड़ेगी। जिसकी शुरुआत कोटा संभाग से होगी।

राहुल गांधी से मिली ऊर्जा के बाद पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट अपने कार्यकर्ताओं को भी चुनावों की तैयारियों में उतारना चाहते हैं। इसके लिए अब प्रदेश कांग्रेस अपने तमाम नेताओं के साथ मिलकर घर-घर जाकर मास कॉन्टेक्ट यानी जनता से जुड़ाव का काम शुरू करने जा रही है।

नेताओं को सक्रिय करने के बाद अब कांग्रेस उन नेताओं के जरिये सीधे जनता से संपर्क करना चाहती है, ताकि चुनावों में पार्टी को वोट मांगने से पहले ही उनका सम्बंध जनता से सीधा स्थापित हो जाए।

इसके लिए पहले कोटा और फिर उदयपुर संभाग में मास कॉन्टेक्ट का कार्यक्रम तय किया गया है। इसके तहत प्रदेश कांग्रेस के नेता संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों, टिकटार्थियों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ मिलकर जनता के साथ सीधा जुड़ाव का कार्यक्रम बनाएगी।

इसके तहत ये नेता सीधे जनता से संवाद करने का प्रयास करेंगे। जिसमें गुजरात की तर्ज पर घर-घर जाकर वोट मांगने के साथ ही बीएलओं की तरह कांग्रेस के पक्ष में मतदान के लिए पर्चियां बांटने का काम भी होगा।

इसके लिए स्थानीय नेता तय करेंगे कि उन्हें वो कौनसे प्रदेश के बड़े नेता चाहिए जो उस क्षेत्र में जाकर उनके लिए जनता से सीधे बात करें।

गुजरात में भी इसी तरह से अशोक गहलोत ने घर-घर जाकर पर्चियां बांटी थीं। उन्होंने इसी तरह से गुजरात के बड़े नेताओं को भी सीधे जनता से जोड़ दिया था। जिसका असर था कि कांग्रेस गुजरात में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकी।

फिलहाल इस कार्यक्रम की शुरुआत कोटा संभाग से होने जा रही है। जो 16 अगस्त से हो सकती है।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.