शराब के नशे में चलती लाइन में काम करवाने का आरोप
नोखा। जोधपुर डिस्कॉम के एक जेईएन पर शराब के नशे में चलती लाइन में काम करवाने के आरोप लगाते हुए नोखा थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक देसलसर निवासी भगवानाराम की ओर से दी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि वह जोधपुर डिस्कॉम में संविदा पर कार्य कर रहा है। 4 जून को डिस्कॉम के जेईएन महेश कुमार शराब के नशे में था, उस दौरान उसने निर्देश दिए कि गांव के जीएसएस में फॉल्ट आ गया है, उसे वह दुरुस्त करे। उस दौरान विद्युत आपूर्ति चल रही थी। इसके बावजूद जेईएन ने चलती लाइन में काम करने को कहा। उसने अपने अधिकारी की बात मानते हुए काम करना शुरू कर दिया अचानक वह करंट की चपेट में आ गया।
उसे कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान जेईएन ने उसे व उसके घरवालों को इलाज करवाने और रुपए देने का लालच भी दिया। जैसे ही मेरी तबीयत में सुधार होने लगा वैसे ही जेईएन महेश कुमार अपने वादे से मुकर गया और उसने इलाज में बिल्कुल भी सहयोग नहीं किया।
जेईएन की यह करतूत गांववालों को पता लगी तो वे आज सब एकत्र होकर थाने पहुंच गए और आरोपी जेईएन के खिलाफ मामला दर्ज कराया।