राखी और मूर्तियों पर कोई जीएसटी नहीं

2470
राखी

रक्षाबंधन और गणेश चतुर्थी से पहले मोदी सरकार की सौगात

नई दिल्ली। बाजार रक्षा बंधन के त्योहार को लेकर अपनी तैयारियां कर रहा है। राखी से पहले बहनों को मोदी सरकार ने राहत की खबर दी है। रक्षाबंधन पर राखियों की खरीदारी के लिए पॉकेट पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ने वाला है क्योंकि सरकार ने राखियों को जीएसटी से अलग रखा है। यानी सरकार, राखियों पर जीएसटी नहीं वसूलेगी।

देश की राजधानी में मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि ‘रक्षाबंधन आ रहा है, हमने राखी पर जीएसटी की छूट दी है और गणेश चतुर्थी को देखते हुए हमने सभी प्रकार की मूर्तियों, हस्तशिल्प, हथकरघा को भी जीएसटी से अलग रखा है। ये सभी चीजें हमारी विरासत हैं और हमें सम्मान के साथ इन्हें रखना है।’

सरकार की ओर से यह कदम इसलिए भी खास है क्योंकि गणेश चतुर्थी और रक्षा बंधन पर घरों में काफी खरीदारियां होती हैं। इसलिए त्योहारी मौसम में इनसे जुड़ी चीजों पर से जीएसटी की छूट मिलना किसी राहत से कम नहीं है।

गौरतलब है कि राखी और मूर्तियों को जीएसटी के दायरे में रखने पर इन्हें बनाने वाले छोटे कारीगरों को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही थी। सरकार ने इन दोनों वस्तुओं को जीएसटी के दायरे से बाहर कर लोगों को काफी राहत देने का कार्य किया है। संभावना जताई जा रही है कि अब राखी और मूर्तियां बनाने वाले लोगों को फायदा हो सकेगा।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.