फिलहाल भरतपुर में की गई घोषणा, बीकानेर सहित कई जिलों में हो सकती है कल
बीकानेर। प्रदेश भर में 14 और 15 जुलाई को पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान की गई नेटबंदी के बाद अब 5 अगस्त को प्रदेश के लोगों को फिर से नेटबंदी झेलनी पड़ सकती है। हालांकि इस बार नेटबंदी का दायरा कुछ कम होगा।
रविवार (5 अगस्त) को होने वाली आरएएस प्री भर्ती परीक्षा में कई जिलों में कलक्टर और पुलिस अधीक्षक नकल की रोकथाम के लिए यह कदम उठा सकते हैं। फिलहाल इस भर्ती परीक्षा के लिए भरतपुर में रविवार को नेटबंदी की घोषणा कर दी गई है।
सवा लाख से ज्यादा अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
जानकारी के अनुसार एक हजार से ज्यादा पदों के लिए हो रही आरएएस प्री परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 327 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें एक लाख तीस हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को सुरक्षा के लिहाज से कुछ सुरक्षा नियमों का पालन भी करना होगा।
कई जिलों में हो सकती है नेटबंदी
परीक्षा में नकल रोकने का जिम्मा पुलिस और प्रशासन पर भी है। पुलिस ने भर्ती परीक्षा में नकल करवाने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
भरतपुर में नेटबंदी की तो घोषणा भी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि धौलपुर, बीकानेर, सीकर, चूरू सहित प्रदेश के कई जिलों में भी परीक्षा के दौरान नेटबंदी की जा सकती है। संभवत: कल इसकी घोषणा भी कर दी जाए।
परीक्षार्थियों के लिए ये रहेगा ड्रेसकोड
जानकारी के मुताबिक पुरूषों को आधी आस्तीन की शर्ट, टी-शर्ट, कुर्ता, पेन्ट, पायजामा और हवाई चप्पल/स्लीपर पहननी होगी।
महिला अभ्यर्थियों को सलवार सूट, साड़ी, आधी आस्तीन का कुर्ता-ब्लाउज, हवाई चप्पल/स्लीपर पहननी होगी। वे बालों में सिर्फ साधारण रबर बैंड लगा सकेंगी। महिलाएं लाख-कांच की पतली चूड़ियों के अलावा कोई जेवर पहन कर नहीं आ सकेंगी।
अभ्यर्थी नहीं ला सकेंगे कोई सामान
केन्द्रों में परीक्षार्थी घड़ी, मोजे, धूप का चश्मा, बेल्ट, पर्स, हैण्ड बैग, हेयर पिन, गंडा-ताबीज, कैप/हैट, स्कार्फ, मफलर पहन कर नहीं आ सकेंगे।
परीक्षा होने के बाद कक्ष में सभी ओएमआर शीट जमा किए जाने के बाद परीक्षार्थी सीट छोड़ सकेंगे। विशेष योग्यजन को श्रुतलेखक मिलेगा। उन्हें नियत परीक्षा तिथि से दो दिन पहले केन्द्राधीक्षक को प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना जरूरी होगा।