न कांग्रेस न भाजपा, अपनी बनाएंगे पार्टी : हनुमान बेनीवाल

2475
हनुमान बेनीवाल

दो विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लडऩे का एलान

बीकानेर। निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल ने आज सरकिट हाउस में मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा है कि वे न कांग्रेस में जाएंगे न भाजपा में। जनता ने आदेश दिया तो वे अपनी पार्टी बनाएंगे और प्रदेश के सभी 200 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करेंगे।

उन्होंने कहा कि वे खुद दो विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ेंगे। एक तो खींवसर है ही दूसरा शेखावाटी में किसी क्षेत्र का चयन करेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वे अभी अपने आपको गांधीवादी नेता बनने की कोशिशों में लगे हुए हैं। अगर वे हकीकत में गांधीजी की विचारधारा पर चलते हैं तो उन्हें तुरन्त अपना सरकारी बंगला खाली कर देना चाहिए। सिर्फ थोथी बातों से ही कोई गांधीवादी नहीं बन जाता है।

भाजपा से इस्तीफा देकर अपनी पार्टी बनाए जाने पर हनुमान बेनीवाल ने घनश्याम तिवाड़ी की तारीफ की और कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जो नेताओं को सरकारी बंगले खाली करने का आदेश दिया है, उसमें तिवाड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जिसके लिए वे तिवाड़ी को साधूवाद देते हैं।

भाजपा सरकार को आकण्ठ तक भ्रष्टाचार में डूबने का आरोप लगाते हुए बेनीवाल ने कहा कि आज सरकार के एक मंत्री ने दूसरे मंत्री को बंद कमरे में थप्पड़ मारा है, कुछ दिनों बाद यही कार्य सरेआम जनता के सामने होगा। भाजपा के नेता सडक़ों पर एक-दूसरे को पीटते नजर आएंगे।

पार्टी के एलान करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जयपुर में हुंंकार रैली की जा रही है, जिसमें लगभग दस से पन्द्रह लाख लोगों के शामिल होने की सम्भावना है। अगर रैली में आए लोग उन्हें नई पार्टी बनाने का आदेश देंगे तो वे जनादेश की पालना करेंगे।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.