पीएनबी घोटाले का आरोपी और डायमंड बिजनेसमैन नीरव मोदी, लंदन में गिरफ्तार हो गया है। घोटाले के खुलासे के बाद नीरव मोदी विदेश भाग गया था, जिसके बाद उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। हाल ही में नीरव मोदी को लंदन में देखा गया था। अब खबर आयी है कि नीरव मोदी को लंदन मेें गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे दोपहर 3.30 बजे लंदन कोर्ट में पेश किया जाएगा। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने ब्रिटेन से नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण की अपील की थी।
भारत की इस अपील पर लंदन की अदालत ने नीरव मोदी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। रायटर्स इंडिया की खबर के अनुसार, नीरव मोदी को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया और उसे बुधवार को लंदन की वेस्टमिंस्टर अदालत में पेश किया जाएगा। यूके टेलीग्राफ की एक खबर के अनुसार, नीरव मोदी फिलहाल लंदन के पॉश इलाके पॉइंट टावर ब्लॉक, लंदन में एक 3 बेडरुम के फ्लैट में रह रहा था। इस फ्लैट का किराया 17 हजार पौंड महीना बताया जा रहा है।
नीरव मोदी के खिलाफ जांच सीबीआई और ईडी द्वारा की जा रही है। सीबीआई की मांग पर इंटरपोल द्वारा नीरव मोदी के खिलाफ बीते साल रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था। 48 वर्षीय नीरव मोदी पर आरोपी है कि उसने अपने चाचा मेहुल चोकसी के साथ मिलकर पंजाब नेशनल बैंक की मुंबई शाखा में करीब 13000 करोड़ रुपए का घोटाला किया था।











