निजी बस से श्रीडूंगरगढ़ जा रही थी महिला
बीकानेर। बसों में सफर कर रही महिलाओं के बैग से कीमती सामान पार करने वाला गिरोह लगातार अपनी करतूतों को अंजाम दे रहा है। निजी बस में सफर कर रही महिला के बैग से लाखों रुपए के जेवरात पार करने का मामला सामने आया है।
चौधरी कॉलोनी, बीकानेर में रहने वाली पीड़िता ओर से श्रीडूंगरगढ़ थाने में दिए गए परिवाद में कहा गया है कि वह बुधवार को बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ निजी बस में आई थी। बस में दो युवक भी चढ़े थे। उस दौरान बैग बस के फर्श पर रखा था। युवकों ने पांवों में बैग गंदा होने का बहाना बनाते हुए बैग अपने पास रख लिया। जब पीड़िता और उसकी बेटी श्रीडूंगरगढ़ में उतरे तो दोनों युवकों ने बैग उन्हें दे दिया था।
जब महिला ने अपने रिश्तेदार के घर पहुंच कर बैग संभाला तो उसमें करीब ढाई इंच का कट लगा हुआ था। जिसके जरिए दोनों युवकों ने बैग में रखे लगभग साढ़े तीन लाख रुपए के जेवरात चोरी कर लिए थे।
बैग में रखे जेवरात पार देखकर पीड़िता अपने रिश्तेदार के साथ थाने पहुंची और पुलिस को लिखित में वारदात होने की जानकारी दी। महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने रिश्तेदार के यहां विवाह समारोह में शामिल होने आई थी।
पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदातें
गौरतलब है कि इस प्रकार की वारदातें पहले भी कई बार हो चुकी हैं। कुछ समय पहले भी एक महिला को चोरों ने अपना शिकार बना लिया था। कई वारदातों को देखते हुए यह सामान्य पाया गया कि इस प्रकार की वारदातें निजी बस में ज्यादा होती हैं।
शातिर चोर ऐसी महिलाओं को शिकार बनाते हैं जिनके साथ सफर में पुरुष नहीं होते हैं। कई वारदातों में पीड़िता का ज्यादा कुछ चोरी नहीं होता तो वे पुलिस के चक्कर से बचने के लिए थाने नहीं पहुंचते हैं।











