बोले-मुझे गद्दार कहा गया, पूर्व पीएम अटलजी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे
नई दिल्ली। दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे स्वामी अग्निवेश के साथ हाथापाई की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि स्वामी अग्निवेश के साथ मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने मारपीट की है। स्वामी अग्निवेश ने खुद कहा कि मेरे साथ हाथापाई हुई है और मुझे अपमानित किया गया है।
स्वामी अग्निवेश ने कहा कि मुझे बीजेपी मुख्यालय के बाहर गद्दार कहना शुरू किया, जब मैं अटलजी को श्रद्धांजलि देने जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक स्वामी अग्निवेश ने कहा कि ‘मैं आज अटलजी को श्रद्धा सुमन अर्पित करने अपने आर्य समाज के साथी के साथ गया था। हम पैदल ही जा रहे थे और हम बीजेपी मुख्यालय के नजदीक पहुंच गया था। वहां पहुंचने के बाद मैंने हर्षवर्धनजी से फोन पर बात की तो उन्होंने कहा कि आप आराम से भीतर आ जाइये। इससे पहले भी मेरी उनसे बात हो चुकी थी। तभी अचानक से मेरे खिलाफ नारेबाजी हुई और लोग गद्दार कहने लगे। मुझे बुरी तरह से मारा। मेरी पगड़ी उतार दी। मुझे उन लोगों ने मारा-पीटा। हम कुछ नहीं कर सकते थे। क्योंकि हम बस दो-तीन लोग थे। मैने वहां से बचकर आगे बढऩा चाहा, मुझे लोगों ने बुरी तरह से अपमानित किया।’
उन्होंने कहा कि हम सुरक्षा का गेट पार कर दूसरी तरफ गये। वहां भी ये लोग आ गए और फिर हमला कर दिया। मैं हाथजोड़ कर कहने लगा कि भाई ये मत करो। मुझसे क्या परेशानी है। फिर हमें पुलिस की गाड़ी मिली जिसमें बैठकर मैं जंतर-मंतर आया। उन लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर भी हमला किया।’
गौरतलब है कि आज पूर्व पीएम अटलजी का अंतिम संस्कार होना है। उससे पहले अटलजी के पार्थिव शरीर को बीजेपी मुख्यालय में रखा गया, जहां नेता और कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इस मौके पर पीएम मोदी और आडवाणी सहित कई नेताओं ने भी अटलजी को श्रद्धांजलि दी।