बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय ने किए कई नवाचार : कुलपति

2313
बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय

बीकानेर। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय ने क्षेत्राधिकार के सभी 43 कॉलेजों को संबद्धता (ईओएए) जारी की है। बीटीयू प्रदेश में पहला विश्वविद्यालय है, जिसने राजस्थान सरकार पोर्टल पर अपनी वेबसाइट अपलोड की है।

विश्वविद्यालय परिसर के लिए राज्य सरकार की ओर से 30 एकड़ विकसित यूआईटी भूमि आवंटित की गई है। विद्यार्थियों की उपस्थिति की निगरानी के संबंध में बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय ने एक सॉफ्टवेयर तैयार करवाया है, जो सभी संबद्ध संस्थानों को नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा। बीटीयू ने स्वस्थ और सार्थक प्रतिस्पर्धा के लिए सभी संबद्ध कॉलेजों के ग्रेडिंग और रैंकिंग की प्रक्रिया अपनाई है।

यह जानकारी बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एचडी चारण ने शनिवार को विश्वविद्यालय में अपने 100 दिन के कार्यकाल पूरे होने पर दी। उन्होंने बताया कि जोड़बीड़ क्षेत्र में 30 एकड़ भूमि पर नए परिसर निर्माण के लिए विभिन्न सरकारी एजेंसियों (निर्माण) के प्रस्ताव को लिया गया है और उनका विश्लेषण, अध्ययन किया जा रहा है।

कुलपति ने बताया कि बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के क्षेत्राधिकार बीकानेर डिवीजन, जोधपुर डिवीजन, जिला नागौर और अजमेर डिवीजन के अजमेर, जिला अलवर, सीकर और जयपुर डिवीजन के झुंझुंनू में स्थित सभी तकनीकी कॉलेजों, संस्थानों में विस्तारित है। इनमें 48 तकनीकी कॉलेज, संस्थान स्थापित हैं, जिनमें से 43 कॉलेजों को एआईसीटीई से ईओएए प्राप्त हुआ है।

कुलपति ने बताया कि विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को बहुत गंभीरता से लिया गया है। बीटीयू ने एक सॉफ्टवेयर तैयार करवाया है, जो सभी संबद्ध संस्थानों को नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा। यह सॉफ्टवेयर छात्रों के शिक्षण और उपस्थिति के बारे में दिन के सभी प्रकार के रिकॉर्ड रखने में सक्षम है। यदि कोई छात्र निर्दिष्ट अवधि के लिए अनुपस्थित रहता है, तो सॉफ्टवेयर तुरंत विद्यार्थी के माता-पिता को मैसेज भेज देगा और संस्थान के प्रमुख को भी सूचित करेगा।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.