निपाह पर निगाहें, राज्य में अलर्ट

मुख्य सचिव ने दिए सतर्कता बरतने के निर्देश

बीकानेर। प्रदेश में निपाह वायरल को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस संबंध में सतर्कता बरतते हुए निरंतर सतत निगरानी रखी जा रही है। इस बीमारी के संबंध में प्रदेश के सभी चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक जानकारी त्वरित उपलब्ध करवाने के लिए संभागीय और जिला स्तर के अधिकारियों को वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। मुख्य सचिव डीबी गुप्ता ने चिकित्सा विभाग की ओर से निपाह वायरस के प्रति विशेष सावधानी बरतने और इसके बारे में आमजन को सही जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ ही जांच की समुचित व्यवस्था व उपचार में आवश्यक दवाइयां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

रेपिड रेस्पॉन्स टीमें सतर्क

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव वीनू गुप्ता ने सभी राजकीय चिकित्सालयों में निपाह वायरस के बारे में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही इलाज के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। राज्य एवं जिला स्तर पर रेपिड रेस्पांस टीम को सतर्क कर दिया गया है। रोग ग्रस्त इलाकों से लौटे व्यक्तियों को मस्तिष्क ज्वर तथा सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्या होने पर तत्काल चिकित्सालय में संपर्क करने का आग्रह किया गया है।

ये हैं लक्षण

निदेशक जनस्वास्थ्य डा.वीके माथुर ने इस बीमारी के लक्षण बताते हुए सलाह जारी की है, जिसके अनुसार यह एक जुनेटिक बीमारी है और वायरस निपाह संक्रमित सुअर, चमगादड़, संक्रमित रोगी के साथ होने पर अथवा संक्रमित कच्चे खजूर या खजूर के रस के सेवन से फैलता है। इसके मुख्य लक्षणों में बुखार होना, सांस लेने में तकलीफ होना, सरदर्द, खांसी, उल्टी होना, दिमाग में सूजन, दस्त व ऐंठन होना, मांसपेसियों में दर्द व मानसिक भ्रम इत्यादि शामिल हैं।

 

Newsfastweb: