काफी समय से नहीं बदला गया पानी
बीकानेर। पब्लिक पार्क स्थित लिलिपॉण्ड इन दिनों दुर्गन्ध का केन्द्र बना हुआ है। शहरवासियों के बच्चों के घूमने की पहली पसन्द बने इस लिलिपौण्ड के पास से इन दिनों निकलना भी मुश्किल हो रहा है। पॉण्ड में भरे पानी को काफी समय से नहीं बदलवाए जाने की वजह से यहां हर समय दुर्गन्ध बनी रहती है।
पब्लिक पार्क में लोग कुछ समय शुद्ध वातावरण में बिताने के लिए आते हैं, लेकिन यहां आने के बाद उन्हें मिलती है मायूसी के साथ दुर्गन्ध। पब्लिक पार्क स्थित लिलिपॉण्ड पर शाम होते ही लोगों का जमावड़ा लग जाता है। दिनभर लोग यहां अपने बच्चों को घुमाने के लिए लेकर आते हैं, रोज शाम को यहां काफी भीड़ लगी देखी जा सकती है। गर्मी हो या सर्दी, शाम को तो यहां इतनी दुर्गन्ध फैलती है कि निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
रोजाना पार्क में आने वाले लोग बताते हैं कि लिलिपॉण्ड में काफी दिनों से पानी को नहीं बदले जाने की वजह से यहां और आस-पास के क्षेत्र में हमेशा दुर्गन्ध फैली रहती है। और जब इस पॉण्ड में फव्वारे चला दिए जाते हैं तो हालात और भी खराब हो जाते हैं। लोगों ने बताया बच्चों की खुशी की वजह से यहां आना मजबूरी होता है।
वहीं पास में स्थित मंदिर में आने वाले लोग बताते हैं कि दुर्गन्ध की वजह से यहां से निकलना भी मुश्किलों भरा होता हैं। पॉण्ड पर मौजूद रहने वालों को कई बार कहलवा भी दिया कि पानी को बदलवा दें, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
लोगों ने बताया कि पॉण्ड में काफी तादाद में गम्बूजिया मछलियां हैं। जिन्हें वहां भ्रमण पर आए लोग दाना डालते हैं। कुछ लोग इस पॉण्ड में आटे से बनी गोलियां मछलियों को दाने के रूप में डालते हैं, जिसकी वजह से भी पानी में दुर्गन्ध आती है।
गौरतलब है कि लिलिपॉण्ड को नगर विकास न्यास की ओर से संविदा पर संचालित किया जा रहा है। न्यास ने जिस फर्म को इसका ठेका दे रखा है, उसने काफी समय से पॉण्ड में भरा पानी नहीं बदलवाया है। हैरानी की बात तो यह है कि पब्लिक पार्क में सौन्दर्यीकरण को बरकरार रखने की मुहीम चलाने वाले जागरूक नागरिक भी इस समस्या पर चुप्पी साधे हुए हैं।











