खाजूवाला : शराब माफियाओं ने पड़ौसी पर किया जानलेवा हमला

चार जने गंभीर घायल, पुलिस पर मिलीभगत के आरोप, सहना पड़ा विरोध।

बीकानेर। खाजूवाला में शराब माफियाओं ने अपने पड़ौस में रहने वाले एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें परिवार का मुखिया सहित चार जने गंभीर घायल हो गए। घायलों को पीबीएम ट्रोमा सेन्टर में भर्ती कराया गया।

क्षेत्र के लोगों ने पुलिस पर मिलीभगत के आरोप लगाए। मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों का विरोध भी सहना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक खाजूवाला में वार्ड नंबर 20 में रहने वाले शराब माफिया शेरू खां ने देशी शराब का अवैध ठेका खोल रखा है। उसके पड़ौस में रहने वाले मुनीर खां ने इसकी शिकायत पुलिस थाने और आबकारी अफसरों कर दी थी।

इससे नाराज चल रहे शेरू खां और उसके परिजन आज सुबह हथियारों से लैस होकर मुनीर खां के घर में घुस गए और जानलेवा हमला कर दिया। हमले में 52 वर्षीय मुनीर खां, उसकी पत्नी बख्तियार बानो, बेटी रूखसाना और 64 वर्षीय हनीफा घायल हो गई।  बख्तियार बानो और रूखसाना को ट्रोमा सेन्टर में भर्ती कराया गया है।

घायल मुनीर खां ने पुलिस को बताया कि मैने पुलिस को पहले ही सूचित कर दिया था कि शराब माफिया मेरे ऊपर हमला कर सकते है लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जबकि पुलिस का कहना है कि शेरू खां और मुनीर खां के परिवारों के बीच भूखण्ड को लेकर विवाद चल रहा है और इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है।

मौके के लोगों के मुताबिक पुलिस को सहना पड़ा विरोध झगड़े की सूचना मिलने के बाद खाजूवाला पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद लोगों का विरोध सहना पड़ा। लोगों ने पुलिस को जमकर खरी-खरी सुनाई।

आक्रोशित लोगों का आरोप था कि पुलिस को पहले से खबर थी कि वार्ड नंबर बीस में देशी शराब के इस अवैध ठेके को लेकर भारी विरोध है, फिर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

 

Newsfastweb: