कृषि छात्रों ने फूंका केन्द्र सरकार का पुतला
बीकानेर। अखिल भारतीय कृषि छात्र संघ से जड़े छात्रों ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की ओर से आयोजित जेआरएफ और एसआरएफ परीक्षा में धांधली का आरोप लगते हुए कलक्टर कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार का पुतला भी फूंका।
जानकारी के मुताबिक प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है की एमएससी और पीएचडी के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा में कई परीक्षा केन्द्रों पर जमकर धांधली की गई है। जिससे कई पढऩे वाले छात्र प्रवेश से वंचित रह गए। ये योग्य विद्यार्थियों के साथ अन्याय हैं। जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छात्र नेता जसवीर चौधरी ने बताया कि केन्द्र सरकार की कृषि छात्र विरोधी नीतियों की वजह से वांछित विद्यार्थियों को इस प्रकार की गफलत का सामना करना पड़ रहा है। आज पूरे देश में कृषि विद्यार्थियों ने केन्द्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनकारियों ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से परीक्षा को दोबारा करवाने की मांग रखी है।
प्रदर्शन में जसवीर चौधरी के साथ कुलदीप जाखड़, रवि कुमार, अरविन्द कुमार, कमल बिश्नोई, विक्रम आचार्य, अमित, सरजीत, भूपेन्द्रसिंह सहित कई विद्यार्थी शामिल थे।