शहर में कई जगहों पर चल रही है जिस्मफरोशी

2795
जिस्मफरोशी

आरोपियों को पहचानती है पुलिस, नहीं होती कार्रवाई

बीकानेर। मुक्ताप्रसाद कॉलोनी में जिस्मफरोशी में लिप्त चार लोगों को पकड़ कर पुलिस भले ही संतुष्टी दिखा रही हो लेकिन शहर में इस धंधे की हकीकत कुछ और ही है। एक जगह कार्रवाई करने से एकबारगी उस क्षेत्र में जिस्मफरोशी के धंधे से जुड़े लोग इधर-उधर हो जाएंगे लेकिन कुछ दिनों बाद यह खेल फिर से शुरू हो जाएगा। हैरानी की बात तो यह है कि इस धंधे में वर्षों से जुड़े लोगों को पुलिस पहचानती है और बहुत अच्छी तरह से जानती भी है, इसके बावजूद शहर में यह धंधा चलता रहता है।

विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक जिस स्थान पर शुक्रवार रात को पुलिस ने ये कार्रवाई की थी, उस इलाके में उसी वक्त दर्जन भर स्थानों पर जिस्मफरोशी चल रही थी। कहने का आशय यह है कि मुक्ताप्रसाद कॉलोनी में सेक्टर 11,12,13 व 14 में काफी क्षेत्र ऐसा है, जो अविकसित है। वहां के बहुत से मकानों को किराए पर लेकर लोग जिस्मफरोशी लगे हैं। धंधा करने वालों से वहां रह रहे अन्य लोग काफी परेशान है और कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं। इतना ही नहीं इस कॉलोनी के अलावा सर्वोदय बस्ती, बंगलानगर, राजीव नगर, नायकों का मोहल्ला, भीमनगर, मुक्ता प्रसाद कॉलोनी और बायपास के बीच बना इलाका, पवनपुरी, बल्लभ गार्डन, डूप्लेक्स कॉलोनी आदि ऐसे क्षेत्र हैं जहां पर जिस्मफरोशी हो रही है।

एजेंट को पुलिस पहचानती है

जिस्मफरोशी से जुड़े लोगों को पुलिस पहचानती है। इस धंधे से वर्षों से जुड़ा एक शख्स तो ऐसा है जिसे सम्बंधित थाना अच्छी तरह से जानता-पहचानता है। क्षेत्र के लोगों के अनुसार थाने में पहुंच रखने वाला यह शख्स ही वहां बाहर से आए लोगों को किराए पर मकान दिलवाता है। ऐसी करतूतों में कई बार उसका नाम आ चुका है लेकिन हर बार दावंपेच लगा कर बच निकलता है।

बायपास रोड पर रात को लगती है ट्रकों की कतार

क्षेत्र के लोग बताते हैं कि लालगढ़ स्टेशन रोड से पूगल रोड पर निकलने वाले बायपास पर रात को लगभग साढ़े ग्यारह बजे से सुबह तीन बजे तक ट्रक की कतार लगी रहती है। लालगढ़ स्टेशन की तरफ से जाने पर बांयी तरफ का क्षेत्र काफी अविकसित है। वहां देर रात तक लोगों का आना-जाना देखने में आया है। इस बारे में प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार सूचना दी गई है लेकिन आज तक कार्रवाई होते नहीं देखी गई है।

रेलवे स्टेशन क्षेत्र की कई होटलों में भी धंधा

सूत्रों के मुताबिक बीकानेर रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित कई होटलों में जिस्मफरोशी दलालों के माध्यम से करवाई जाती है। यहां दलाल सड़कों पर खड़े रहते हैं और बाहर से आए लोगों से सम्पर्क साधते हैं और होटलों में ले जाते हैं। कई बार होटलों में रुके हुए लोगों से सम्पर्क साध कर उन्हें कालगर्ल उपलब्ध करवाई जाती है। इसके अलावा इस क्षेत्र की होटलों में जुआ-सट्टा, शराब पीने के लिए कमरें उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

अन्य राज्यों से बुलाई जाती हैं महिलाएं

जानकारी के मुताबिक इस धंधे से जुड़े लोग यहां जिस्मफरोशी के लिए अन्य राज्यों से महिलाएं बुलवाते हैं। गुजरात, पंजाब, पश्चिम बंगाल, बिहार सहित कई राज्यों की महिलाओं को बुलवाया जाता है। बाहर से बुलाई गई महिलाएं यहां सात से दस दिनों तक ठहरती हैं और वापस चली जाती हैं, उनकी जगह दूसरी महिलाएं आ जाती हैं। कुछ समय से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और प्रदेश की सीमा से लगते पंजाब के कुछ क्षेत्र से आई महिलाओं की यहां काफी देखी गई है।

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.