यहां करीब पौने तीन महीने पहले तनिष्क शोरूम में की थी चोरी
बीकानेर। शोरूम में जाकर देखने के बहाने जेवरात चोरी करने वाली दंपती को कोटगेट पुलिस ने अहमदाबाद से गिरफ्तार किया। जेवरात चुराने में माहिर इस दंपती ने कई शहरों में वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। फिलहाल पुलिस इनसे और पूछताछ करने में लगी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पवन कुमार मीणा ने आज मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अहमदाबाद के नरोदा पुलिस स्टेशन क्षेत्र स्थित ए-वन शोभनाथ काम्पलेक्स के रहने वाले कमलेश भाई रंगवानी पुत्र थावरभाई रंगवानी और पूनमबेन रंगवानी पत्नि कमलेशभाई हैं।
इन दोनों ने यहां पौने तीन महीने पहले 21 मई को महात्मा गांधी रोड पर स्थित तनिष्क शोरूम से सोने का हार चोरी किया था। इस बारे में शोरूम के मैनेजर निशान्त बिन्नाणी की ओर से कोटगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार कोटगेट थानाप्रभारी अरविन्द भारद्वाज और सहायक उपनिरीक्षक ताराचन्द के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश में लगाया गया। यहां तनिष्क शोरूम पर लगे सीसी कैमरों में इस दंपती की करतूत कैद हो गई थी।
पुलिस ने इन कैमरों में कैद हुए फुुटेज हासिल किए और पड़ताल शुरू की। जिसमें सामने आया कि ये दंपती ज्वैलरी के बड़े शोरूम पर जाकर सेल्समैन से जेवरात दिखाने को कहती है और सेल्समैन को बातों में उलझाकर जेवरात पार कर लेती है।
इस आधार पर पुलिस ने देशभर में सभी तनिष्क के शोरूम सहित अन्य बड़े ज्वैलरी शोरूम पर फुटेज भेज दिए और दोनों आरोपियों की जानकारी मिलने पर सूचना देने का आग्रह किया। इसी दौरान अहमदाबाद के मणिनगर स्थित तनिष्क शोरूम में इसी प्रकार की वारदात करने की फिराक में ये दंपती पहुंच गई जिसे गुजरात पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में इस दंपती ने 21 मई को यहां जेवरात चोरी करने, 22 जुलाई को जयपुर के वैशाली नगर स्थित शोरूम में, 24 जुलाई को भीलवाड़ा में शोरूम से जेवरात चोरी करना स्वीकार किया है।
इससे पहले इसी प्रकार जेवरात चोरी करने की वारदातों को ग्वालियर, दिल्ली, गुवाहाटी आदि स्थानों पर करना भी स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस इनसे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ करने में लगी है।
गौरतलब है कि 21 जुलाई को जब इस वारदात को अंजाम दिया गया था, उसके कुछ समय बाद ही सोशल मीडिया पर इस दंपती की करतूत वायरल हो गई थी।











