जिले में अब हुए कुल 28 थाने
बीकानेर। जिले में एक नया थाना और स्थापित हो गया है। नोखा सर्किल में स्थापित जसरासर थाना का प्रभारी उपनिरीक्षक गुलाम नबी को बनाया गया है। आज जिला पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा ने इस बारे में आदेश जारी किए हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने वर्ष-2018-19 के बजट में बीकानेर जिले में नया थाना स्थापित करने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के चलते जसरासर थाना स्थापित किया गया है। जसरासर थाना सहित जिले में अब 28 थाने हो गए हैं।
जसरासर में थाना बनाए जाने की जरूरत काफी समय से जताई जा रही थी। तत्कालीन पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने कार्यकाल के दौरान जसरासर में थाना स्थापित करने के प्रस्ताव मुख्यालय भेजे थे।
चुनावी वर्ष को देखते हुए मुख्यमंत्री ने गृह विभाग के इस प्रस्ताव को सहमति दी है। इस बजट सत्र में प्रदेश भर में 28 नए थाने स्थापित किए गए हैं। जिसमें जयपुर में एक और साइबर थाना शामिल है।
ये रहेगा स्टाफ
जानकारी के मुताबिक जसरासर थाने में एक सब इंस्पेक्टर, पांच सहायक सब इंस्पेक्टर, 4 हैड कांस्टेबल, 27 कांस्टेबल और दो वाहन चालकों के पद स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही स्टाफ को एक जीप और दो मोटर साइकिल भी अलॉट की गई हैं। जसरासर में पहले पुलिस चौकी थी। जिसका भवन भी बना हुआ था। पुलिस चौकी के इस भवन को अब तैयार करवा लिया गया है।
ग्रामीणों में खुशी
नोखा सर्किल में जसरासर थाना स्थापित होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में काफी खुशी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि अब अपराधों पर लगाम लग सकेगी।
जानकारी के अनुसार जसरासर थाने में नोखा के लगभग 34 गांव क्षेत्राधिकार में आ जाएंगे। वहीं इस थाने से चूरू, नागौर सीमा पर नजर रखी जा सकेंगी।