बीकानेर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष, जिला एंव सेशन न्यायाधीश राजेन्द्रकुमार पारीक ने आज जेल का निरीक्षण किया और बंदियों से जानकारी हासिल की। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पवनकुमार अग्रवाल व पूर्णकालिक सचिव, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल चौधरी भी उनके साथ रहे।
निरीक्षण के दौरान जेल में बंदियों से उनके मुकदमों की स्थिति एवं अधिवक्ताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।किसी बंदी द्वारा अधिवक्ता न कर पाने की स्थिति में नि:शुल्क विधिक सहायता के तहत प्राधिकरण की ओर से अधिवक्ता उपलब्ध करवाने संबंधी जानकारी भी दी।
जेल विधिक सेवा क्लिनिक के डिजिटाइजेशन के माध्यम से बंदियों के क्रियाकलापों का उचित व पूर्ण रिकॉर्ड रखना, निरूद्ध बंदियों के मुकदमों से संबंधित डाटा बेस तैयार करना तथा बंदियों के प्रकरण संबंधी सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान बंदियों को शैक्षणिक रूप से योग्य बनाने के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों की दी जा रही शिक्षा की जानकारी ली।
इसके अतिरिक्त बंदियों को निर्धारित डाइट के अनुसार भोजन एवं पानी की व्यवस्था, स्वास्थ्य देखभाल, रचनात्मक गतिविधियां, शैक्षणिक एंव औद्योगिक गतिविधियां व बुनियादी ढांचे के संबंध में भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जिला एवं सेशन न्यायालय के वरिष्ठ मुसंरिम राजीव गोस्वामी, स्टेनो जितेन्द्रसिंह शेखावत, किर्तीनिधी तिवाड़ी, अहमद अली व विधि की छात्रा महक घीया तथा केन्द्रीय कारागृह के कार्यवाहक अधीक्षक बंशीलाल व जेलर विजय सिंह मौजूद रहे।











