राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी ईवीएम-वीवीपैट की जानकारी

बीकानेर। कलक्ट्रेट सभागार में आज आयोजित हुई बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम-वीवीपैट के बारे में जानकारी दी गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने की।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि जिले को 2 हजार 298 बेलेट यूनिट तथा 1 हजार 915 कंट्रोल यूनिट प्राप्त हुई हैं। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीइएल) के अभियंताओं की मौजूदगी में इनकी प्रथम स्तरीय जांच कर ली गई है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण करवाया जा रहा है। इसके अनुसार मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 31 जुलाई को किया जाएगा। दावे और आपत्तियां 21 अगस्त तक प्राप्त की जाएंगी। मतदाता सूचियों का पठन 11 और 18 अगस्त को ग्राम सभाओं और वार्ड सभाओं में होगा।

12 और 19 अगस्त को विशेष शिविर आयोजित होंगे। 20 सितम्बर तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 27 सितम्बर को किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विभागीय निर्देशों की अनुपालना में प्रत्येक मतदान केन्द्र पर राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा एक-एक बूथ लेवल अभिकर्ता की नियुक्ति की जानी है। दलों द्वारा यह नियुक्ति करते हुए सूची उपलब्ध करवाई जाए।

बैठक में बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी शैलेन्द्र देवड़ा, भाजपा के दाऊलाल हर्ष, सवाईसिंह तंवर, कांग्रेस के प्रहलादसिंह मार्शल, गजेन्द्रसिंह सांखला, लोकजनशक्ति पार्टी के रमजान मुगल, बसपा के पवनकुमार ओझा एवं बंशीलाल प्रजापत, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कन्हैयालाल पंवार, निर्वाचन शाखा प्रभारी केके पुरोहित, वाईबी माथुर मौजूद थे।

स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर सुरेन्द्र राठी ने पावर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।

Newsfastweb: