जिला जन अभाव अभियोग निराकरण सतर्कता समिति की बैठक आयोजित
बीकानेर। जिला जन अभाव अभियोग निराकरण सतर्कता समिति की गुरुवार को हुई बैठक में कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता ने अवैध दूध डेयरियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
अटल सेवा केन्द्र में हुई इस बैठक में समिति सदस्य रामसिंह की ओर से प्रस्तुत अवैध दूध डेयरियों व पशुपालन को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के संबंध में कलक्टर ने कहा कि पुलिस द्वारा समस्त अवैध डेयरियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाए।
रामसिंह की ओर से प्रस्तुत एक अन्य प्रकरण में कलक्टर ने शहर की सभी 72 निजी स्कूलों में सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने तथा इन स्कूलों के निरीक्षण के लिए सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को अविलम्ब दूर करवाया जाए।
पवनपुरी निवासी जितेन्द्रसिंह जोधा के गांधी नगर के प्लाट पर पूर्व पार्षद द्वारा अवैध कब्जा करके रास्ता अवरुद्ध करने के प्रकरण में उन्होंने नगर विकास न्यास को जांच के निर्देश दिए। उपनिवेशन विभाग के सेवानिवृत्त पटवारी नरेन्द्रसिंह राजावत के पेंशन के प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
उदयरामसर निवासी नारायणसिंह यादव द्वारा ग्राम उदयरामसर की ग्रीन बेल्ट में अवस्थित अराजीराज कृषि तथा अनुसूचित जाति की जमीनोंं पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित करने के प्रकरण के संबंध में कलक्टर ने तहसीलदार तथा बीडीओ को 30 जून तक पट्टों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने यूआईटी द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए अब तक की कार्रवाई की सूचना उपलब्ध करवाने के आदेश दिए।
मनोज सेठिया द्वारा रिडमलसर पुरोहितान के खसरा नंबर 49/19 में डवलपर्स द्वारा पानी, सड़क व पार्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाने के प्रकरण में कलक्टर ने नगर विकास न्यास को आरक्षित भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया तथा विकास कार्यों के लिए एनआईटी लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में निगम आयुक्त प्रदीप गवांडे, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीतसिंह, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार, समिति सदस्य रामसिंह चरकड़ा, मनोज सेठिया, राजकुमारी बैद सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।