राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
बीकानेर। देश के लिए नि:स्वार्थ भाव से प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों की शहादत को सलाम करने के लिए आज सीमावर्ती इलाके में मानव शृंखला बनाई गई।
बच्चों, युवाओं, कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, किसानों, व्यापारियों, भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आमआदमी ने मानव शृंखला बना कर शहीदों की शहादत को दिल से नमन किया।
राज्य सरकार के निर्देशानुसा जिले में छतरगढ़ के पास स्थित खारीवाली गांव से कोलायत के बीकमपुर तक लगभग 166 किलोमीटर की मानव शृंखला जिले में बनाई गई।
स्वाधीनता दिवस से एक दिन पहले हुए इस आयोजन में दूरस्थ क्षेत्रों से अलग-अलग वाहनों में काफी तादाद में लोग हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयघोष के साथ पहुंचे।
लोक कलाकारों ने लोक गीतों के माध्यम से आमजन का ध्यान आकृष्ट किया तो मूंछों पर ताव देते पारम्परिक वेशभूषा में सजे-धजे रोबीले भी आकर्षण का केन्द्र रहे। कई स्थानों पर स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं।
इस दौरान अमरपुरा के 750 आरडी पर मुख्य समारोह आयोजित हुआ। पुलिस के बैंड ने सुमधुर स्वरलहरियां बिखेरीं तो देशभक्ति के गीतों पर आमजन भी गर्व के साथ थिरकते दिखाई दिए। इस कार्यक्रम के दौरान अतिथियों सहित आमजन ने शहीदों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।
समारोह में अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा जिला प्रभारी सचिव नीलकमल दरबारी, संभागीय आयुक्त हनुमान सहाय मीणा, रेंज के महानिरीक्षक पुलिस दिनेश एमएन, कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता, प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक श्याम सिंह राजपुरोहित, महापौर नारायण चौपड़ा, नगर विकास न्यास के अध्यक्ष महावीर रांका, बीकानेर पंचायत समिति प्रधान राधा देवी, डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, न्यास सचिव राष्ट्रदीप यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालचंद कायल, डॉ. विमला मेघवाल, डॉ. मीना आसोपा, युधिष्ठिर सिंह भाटी सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों, स्वयंसेवी एवं औद्योगिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्कूल कॉलेज विद्यार्थी आदि मौजूद रहे।