नई दिल्ली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम की वजह से अमरनाथ यात्रियों को जम्मू के भगवती नगर बेस कैम्प में रोका गया है। (Amarnath Yatra Stop) अधिकारियों ने बताया कि भगवती नगर और दूसरे कैम्पों में करीब 5000 यात्री हैं। उन्होंने बताया कि जम्मू से आगे मौसम खुला है, ऐसे में शनिवार सुबह उधमपुर में फंसे 2032 तीर्थयात्रियों को पहलगाम के लिए रवाना कर दिया गया था फिर वहां से बालटाल वाले रास्ते से भी तीर्थयात्रियों को आगे जाने की इजाजत दे दी गई, लेकिन बीच रास्ते में ही बारिश आने से फिर से यात्रा को विराम दिया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक असम, मेघालय, उत्तराखंड, तटवर्ती कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तरप्रदेश, पंजाब और केरल में भारी बारिश हो सकती है। 2 जुलाई के बाद मैदानी इलाकों और मध्य भारत में मानसून की सक्रियता कम हो सकती है। 6 जुलाई तक पहाड़ी राज्यों और उनसे लगे मैदानी इलाकों में मानसून सक्रिय हो सकता है। उत्तर-पश्चिम भारत में दो-तीन दिन तक अच्छी बारिश की संभावना है।
बताया जाता है कि शुक्रवार को 1300 श्रद्धालुओं ने पवित्र शिवलिंग के दर्शन किए। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि हालांकि घाटी में निरंतर वर्षा से पहलगाम और बालटाल दोनों ही मार्गों से तीर्थाटन स्थगित करना पड़ा। (Amarnath Yatra) अमरनाथ गुफा को जाने वाले वाले पूरे मार्ग पर भारी वर्षा के कारण यात्रा स्थगित कर दी गई। उन्होंने बताया कि नुवान आधारशिविर से शुक्रवार सुबह 1263 यात्री रवाना हुए थे लेकिन उन्हें मौसम सुधरने तक शेषनाग में रुकने को कहा गया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दूसरे दिन के समापन तक 1287 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में शिवलिंग के दर्शन किए। बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या अब 2294 हो गई है। दक्षिण कश्मीर में 3880 मीटर ऊंची गुफा की वार्षिक यात्रा गुरुवार को शुरू हुई थी जो रक्षाबंधन (26 अगस्त) तक चलेगी।












