राजस्थान गौरव यात्रा पर सरकार का हाइकोर्ट में जवाब पेश

2314
राजस्थान गौरव यात्रा

गौरव यात्रा में सरकारी धन के खर्च का आरोप लगाते हुए जनहित याचिका की गई थी दायर

जयपुर। प्रदेश में भाजपा की ओर से निकाली जा रही राजस्थान गौरव यात्रा के संबंध में राज्य सरकार ने राजस्थान हाइकोर्ट में जवाब पेश कर दिया है।

इसमें सरकार ने कहा है कि राजस्थान गौरव यात्रा भाजपा का कार्यक्रम है। इसमें किसी प्रकार का सरकारी खर्च नहीं हो रहा है लेकिन, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यक्रमों पर खर्च करना सरकार का दायित्व है।

राज्य सरकार ने जवाब पेश करते हुए इस यात्रा के संबंध में दायर याचिका को खारिज करने का आग्रह भी किया है। प्रदेश में निकाली जा रही राजस्थान गौरव यात्रा में सरकारी राशि का उपयोग करने के मामले में डॉ. विभूति शर्मा ने जनहित याचिका दायर की थी।

इस पर मुख्य न्यायाधीश प्रदीप नंद्राजोग और न्यायाधीश जीआर मूलचंदानी ने सुनवाई की। सुनवाई के दौरान पहले सरकार ने जवाब पेश करने के लिए समय मांगा था। आज सुनवाई के बाद राज्य सरकार ने अपना जवाब कोर्ट में पेश कर दिया है। सरकार ने अपने जवाब में कहा है कि गौरव यात्रा भाजपा की यात्रा है। इस पर कोई खर्च नहीं किया गया है।

जवाब में कहा गया कि यह सही है कि राजस्थान गौरव यात्रा में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शामिल हो रही हैं। वे मुख्यमंत्री के रूप में जनता से बात कर रही हैं। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जनता की समस्याओं को सुनने के साथ ही विकास और योजनाओं के बारे में फीडबैक भी ले रही हैं।

जवाब में कहा गया कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं करने के लिए बाध्य है। इसे राजस्थान गौरव यात्रा से जोडक़र नहीं देखा जाना चाहिए।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.