छह जून से प्रक्रिया शुरू, ऑनलाइन होगा आवेदन
बीकानेर। प्रदेश के सरकारी महाविद्यालयों (government colleges) में प्रवेश प्रक्रिया छह जून से शुरू होगी। स्नातक और स्नाकोतर में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर कॉलेज आयुक्तालय ने गाइड लाइन जारी कर दी है। इस गाइड लाइन के अनुसार इस बार भी प्रवेश प्रक्रिया पर्सेंटाइल सिस्टम से ही होगी। गत दो वर्ष से पर्सेंटाइल सिस्टम को बदल कर पर्सेटेज सिस्टम से प्रवेश प्रक्रिया कराने को लेकर कवायद की जा रही थी, लेकिन गाइड लाइन जारी होने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि सीबीएसई के विद्यार्थियों को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के विद्यार्थियों के बराबर लाने के लिए इस साल भी पर्सेंटाइल सिस्टम से ही प्रवेश होंगे।
गौरतलब है कि महाविद्यालयों में सीबीएसई के विद्यार्थियों के प्रवेश प्रक्रिया में पीछे रह जाने पर पर्सेंटाइल सिस्टम को हटाने को लेकर कवायद शुरू हुई थी। इसमें सीबीएसई सहित अन्य बोर्ड के विद्यार्थियों को प्रवेश में नुकसान हो रहा था, लेकिन सीबीएसई के विद्यार्थियों के अंक माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से ज्यादा होने पर यह फॉर्मूला शुरू किया गया था।
शैक्षणिक सत्र होगा दो जुलाई से शुरू
जानकारी के मुताबिक महाविद्यालयों में स्नातक स्तर के आवेदन ऑनलाइन भरे जाने छह जून से शुरू हो जाएंगे। इसके बाद 15 दिनों तक आवेदन करने का समय मिलेगा और तीस जून तक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद 2 जुलाई से शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। वहीं स्नातकोतर के आवेदन की प्रक्रिया 20 जून से शुरू होकर 29 जून तक चलने की बात कही जा रही है।
यह है फॉर्मूला
राज्य सरकार ने वर्ष-2014 में कॉलेज व विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के लिए पर्सेंटाइल फॉर्मूला अपनाने के निर्देश दिए थे। इस फॉर्मूले में परीक्षा में मिले अंकों से जहां विद्यार्थी के प्रदर्शन का आंकलन होता है वहीं पर्सेंटाइल से परीक्षा में शामिल हुए कुल विद्यार्थियों में विद्यार्थी की स्थिति का पता चलता है। उदाहरण के तौर पर किसी विद्यार्थी की 85 पर्सेंटाइल है तो यह पता लगता है कि 85 प्रतिशत विद्यार्थी इससे नीचे हैं और 15 प्रतिशत विद्यार्थी इससे आगे हैं।











