संकल्प रैली : चूरू में गहलोत, पायलट सहित बड़े नेता एक साथ

2417
संकल्प रैली

पार्टी में एकजुटता का संदेश देने की कवायद, संकल्प रैली के रूप में चुनाव प्रचार अभियान पहुंचा चूरू

बीकानेर। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का चुनाव प्रचार अभियान संकल्प रैली के रूप में आज संभाग के चूरू जिले में पहुंचा। यहां प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी जयपुर से एक साथ चूरू के लिए रवाना हुए थे। इस संकल्प रैली के जरिए कांग्रेस के बड़े नेताओं ने एक साथ आकर पार्टी में एकजुटता होने का संदेश देने की कोशिश की।

पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट, पूर्व सीएम अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, सह प्रभारी विवेक बंसल, सीपी जोशी, मोहन प्रकाश और अशोक चांदना चूरू पहुंचे हैं।

चूरू से पहले कांग्रेस प्रदेश के चित्तौडग़ढ़ में चुनावी शंखनाद करते हुए संकल्प रैली का आगाज किया था। चूरू के पुलिस लाइन ग्राउंड पर कांग्रेस की संकल्प रैली में प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे पीसीसी चीफ सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व मंत्री सीपी जोशी सहित शेखावाटी के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता आमजन व कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे हैं।

संकल्प रैलियों के जरिए कांग्रेस इलाकेवार चुनावी माहौल बनाने में जुटी है। सभी वरिष्ठ नेताओं को एक मंच पर बैठाकर सामूहिक नेतृत्व का मैसेज भी दिया जा रहा है।

चूरू में संकल्प रैली के जरिए कांग्रेस पूरे शेखावाटी इलाके में चुनावी संदेश देने का प्रयास कर रही है। शेखावाटी के चूरू, सीकर और झुंझुनूं में 21 सीट हैं।

इनमें से कांग्रेस के पास अभी पांच सीटें हैं, जबकि 11 सीटें भाजपा, 2 सीटें बसपा और 3 पर निर्दलीय काबिज हैं। चूरू जिले में छह विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से सरदारशहर सीट ही कांग्रेस के पास है। शेष पांच सीटों में से चार सीटें भाजपा और सादुलपुर सीट बसपा के पास है।

यही वजह है कि कांग्रेस ने अपने चुनाव प्रचार अभियान में संभाग में सबसे पहले चूरू को ही चुना है।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.