गोशाला : निर्माण में देरी, लोग परेशान

2378
गोशाला

गोपाल गहलोत ने नगर निगम पर लगाए बेपरवाही के आरोप

बीकानेर। गोशाला के जल्दी निर्माण को लेकर कांग्रेस नेता गोपाल गहलोत के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमण्डल ने आज नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन दिया।

ज्ञापन के जरिए पीसीसी सदस्य गोपाल गहलोत ने आयुक्त को अवगत कराया कि छह महीने पहले जमीन आवंटित हो चुकी है लेकिन आज तक गोशाला का निर्माण कार्य पूरा नहीं करवाया जा सका है। जिसके कारण शहर के लोगों को हर दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शहर में बेसहारा सांड/गोधों की लड़ाई में हर रोज लोग चोटिल हो रहे है, जिनकी सुनने वाला कोई नहीं है। पिछले छह महीनों में सांड/गोधों की लड़ाई की चपेट में आ जाने से कई लोगों की जान तक चली गई। इसके बावजूद प्रशासन चुप करके बैठा है।

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने 27 जुलाई को बीकानेर प्रवास के दौरान प्रशासन को यह आदेश दिया था कि शहर की सड़कों पर कोई भी आवारा गोवंश नहीं दिखना चाहिए लेकिन जिला प्रशासन तो मुख्यमंत्री के आदेश भी नहीं मान रहा है।

गोपाल गहलोत ने गोशाला के निर्माण कार्य में देरी करने के आरोप नगर निगम प्रशासन पर लगाते हुए कहा कि अगर निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारी समय रहते अपना कर्तव्य निभाते तो आज आवारा गोवंश की लड़ाई में कई लोगों को चोटिल होने और काल का ग्रास बनने से बचाया जा सकता था।

गहलोत ने निगम आयुक्त के सामने सुझाव रखा कि अगर निगम प्रशासन को गोशाला निर्माण में कोई परेशानी हो रही है तो बीकानेर के दानदाता और भामाशाह सहयोग करने के लिए पूरी तरह से तैयार है, वो भी निगम की योजना के अनुसार।

साथ ही उन्होंने निगम प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर 28 अगस्त तक गोशाला तैयार नहीं की गई और उसमें शहर के आवारा गोवंश को नहीं पहुंचाया गया तो वे मजबूर होकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।

आयुक्त नगर निगम ने प्रतिनिधिमण्डल को आश्वासन दिया कि अगर शहर के दानदाता और भामाशाह गोशाला के निर्माण में सहयोग करना चाहते हैं तो इस का वे लिखित में एक आदेश पारित कर देगें।

प्रतिनिधिमंडल में आनंदसिंह सोढ़ा, मगन पाणेचा, रमजान अली कच्छावा, हजारी देवड़ा, नंदू गहलोत, शमीमउल्लाह, जितेन्द्र सेवग, एजाज पठान, गोवर्धन मीणा, अनिल शर्मा सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता शामिल थे।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.