हाइकोर्ट में दायर की गई थी जनहित याचिका
जयपुर। विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से निकाली जा रही राजस्थान गौरव यात्रा को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि ये सभी जानते हैं कि ये यात्रा सरकारी खर्च पर हो रही है। इस यात्रा के लिए बाकायदा आदेश जारी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। इसके लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे माफी मांगे। साथ ही इस यात्रा को निरस्त कर देना चाहिए।
गहलोत ने कहा कि सरकारी धन के दुरुपयोग को रोकने की जिम्मेदारी मुख्य सचिव की है। वे जिला कलक्टर सहित अन्य अधिकारियों को निर्देश देकर प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से इस यात्रा में सरकारी मशीनरी का उपयोग होने से रोकें।
गहलोत ने भाजपा की ओर से इसे पार्टी का कार्यक्रम बताने पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार न्यायिक कार्रवाई से बचने के लिए लोगों के आंखों में धूल झोंकने की कोशिश कर रही है।
गहलोत ने कहा कि न्यायालय ने भी इस यात्रा पर हुए खर्च का ब्यौरा पेश करने का आदेश दिया है। ऐसे में अब इस यात्रा को बिना किसी देरी के निरस्त कर देना चाहिए।
गौरतलब है कि राजस्थान गौरव यात्रा में सरकारी धन के खर्च होने के मामले को लेकर राजस्थान हाइकोर्ट में जनहित याचिका दायर हुई है। इस याचिका के जवाब में सरकार ने कहा कि ये कार्यक्रम भाजपा का है, खर्च केवल सीएम पर हो रहा है। वहीं, अब कोर्ट ने भाजपा के फंड से किए गए खर्च का ब्यौरा पेश करने का आदेश दिया है।











