बीकानेर। घड़सीसर रेलवे फाटक से नोखा रोड तक करीब पौने चार किलोमीटर फोर-लेन सड़क बनाई जाएगी। इसकी घोषणा नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका ने की।
न्यास अध्यक्ष रांका ने बताया कि 3 करोड़ 96 लाख रुपए की लागत से डिवाइडर सहित फोर-लेन सड़क का निर्माण होगा। इस मार्ग के फोर-लेन में परिवर्तित होने से न्यास की व्यापार नगर योजना, सूर्यनगर स्कीम, हनुमान नगर स्कीम तथा पत्थर मंडी योजना, जयपुर-जोधपुर बायपास रोड व नोखा रोड से सीधी जुड़ जाएगी।
नगर विकास न्यास सचिव राष्ट्रदीप यादव ने बताया कि गंगाशहर, चौधरी कॉलोनी, शिवाबस्ती, रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र व घड़सीसर गांव आदि क्षेत्रों का यातायात सुगम होगा ही साथ ही मार्ग की भव्यता भी बढ़ जाएगी। उक्त सड़क मास्टर प्लान में 100 फीट सेक्टर रोड है। जिसे न्यास की ओर से डिवाइडर सहित बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मार्ग में उक्त बजट के अतिरिक्त लगभग एक करोड़ की लागत से रोड लाइटें लगाई जाएंगी। करीब पांच करोड़ की लागत से यह मार्ग पूरी तरह से तैयार होगा जिसका सभी लोग बेहतरीन उपयोग कर सकेंगे।