जॉर्डन हत्याकांड में चार आरोपी और गिरफ्तार

बीकानेर। हिस्ट्रीशीटर विनोद श्योरान उर्फ जार्डन हत्याकाण्ड में श्रीगंगानगर पुलिस ने चार आरोपियों को और गिरफ्तार किया है। इस हत्याकाण्ड में पुलिस ने अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी अंकित भादू व संपत नेहरा श्रीगंगानगर पुलिस की गिरफ्त में अभी नहीं आए हैं।

शुक्रवार को श्रीगंगानगर स्थित पुलिस लाइन में रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बिपिनकुमार पांडे ने मीडिया को बताया कि जॉर्डन की हत्या करने के आरोप में हरदीपसिंह उर्फ संधू उर्फ भागू उर्फ लाहोरिया उर्फ हन्नी पुत्र बलवीरसिंह निवासी  फाजिल्का पंजाब, आकाश चौहान पुत्र दुष्यंत चौहान निवासी सोनीपत हरियाणा, विक्रमजीतसिंह उर्फ विक्की टहला पुत्र टहलसिंह निवासी फिरोजपुर, व धोलू पुत्र ओमप्रकाश निवासी नोहर हनुमानगढ़ को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि हरदीपसिंह, आकाश चौहान, विक्रमजीतसिंह जॉर्डन की हत्या करने से पहले नोहर के भूकरका गांव में धोलू के पास रुके थे। हत्या करने के बाद सभी आरोपी वापिस भूकरका में धोलू पास पहुंचे थे और फिर वहां से फरार हो गए।

जॉर्डन हत्याकांड में मौके पर मौजूद युवकों को मोहाली में ओकू टीम ने दबोचा था। पूछताछ में तीनों युवकों ने जॉर्डन हत्याकांड में शामिल होने का खुलासा किया, इस पर पुलिस तीनों को गिरफ्तार कर यहां ले आई। इनसे पूछताछ के बाद धोलू को गिरफ्तार कर लिया गया।

श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक हरेन्द्र महावर ने बताया कि हरदीपसिंह उर्फ संधू के पास से एक देशी पिस्तोल, 47 कारतूस, चार मोबाइल फोन, तीन डोंगल बरामद हुए हैं। आकाश चौहान के पास से एक देशी पिस्टल व दो कारतूस व एक मोबाइल फोन, विक्रमजीत सिंह के पास से एक देशी पिस्टल, 2 कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया हैं। हैं।

यह तीनों अपराधी इनामी हैं। पंजाब, हरियाणा व राजस्थान पुलिस ने इन पर इनाम घोषित किया था। चारों आरोपियों को जवाहरनगर पुलिस थाना में दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार कर ले गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जॉर्डन हत्याकांड में अभी अंकित भादू व सम्पत नेहरा की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सम्पत हरियाणा एसटीएफ द्वारा पकड़ लिया गया है। वह अभी हिसार पुलिस के पास रिमांड पर चल रहा है।

इन अफसरों की टीम को मिली सफलता

जॉर्डन के हत्यारों की पहचान करने के बाद इनकी धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक हरेन्द्र महावर ने 15 टीमों का गठन किया। इस टीम ने एएसपी सुरेन्द्र राठौड़ के निर्देशन में काम किया और लगातार सफलता मिलती चली गई।

इस टीम में जवाहरनगर पुलिस थाना प्रभारी प्रशांत कौशिक, महिला पुलिस थाना प्रभारी नरेन्द्र पूनियां, विजयनगर पुलिस थाना प्रभारी फूलचंद शर्मा, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार, हिन्दूमलकोट पुलिस थाना प्रभारी भूपेन्द्र सोनी, एसआई विक्रम तिवाड़ी, एएसआई धर्मेन्द्र सिंह, प्रभु सिंह, सिपाही विजय कुमार गोदारा, हवलदार अब्दुल जब्बार, भारत भूषण गौड़, सहित कई पुलिस कर्मी व कमांडो शामिल थे।

 

Newsfastweb: