पेट्रोल पम्प लूटने की थी मंशा
बीकानेर। पेट्रोल पम्प लूटने की योजना बना रहे पांच हार्डकोर अपराधियों को सरदारशहर और भानीपुरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने पांच पिस्टल, आधा दर्जन मेगजीन और 85 कारतूस बरामद किए हैं।
चूरू के पुलिस अधीक्षक राहुल बारहठ के अनुसार 20 से 25 वर्ष की आयु वाले सभी आरोपी पंजाब के वांछित अपराधी हैं। आरोपियों ने 20 मई को पंजाब के मानसा में सुखविन्द्रसिंह नामक शख्स की हत्या की थी। यहां ये लोग किसी पेट्रोल पम्प को लूटने की योजना तैयार कर रहे थे। इनके पास से हरियाणा के सिरसा से लूटी हुई एक कार भी बरामद की गई है। ये आरोपी किसी की हत्या करने के बाद सोशल मीडिया पर प्रचारित भी करते थे। आरोपियों ने अजमेर से हथियार खरीदना कबूल किया है। पूछताछ से सामने आया कि ये लोग मोगा-पंजाब के एक पार्षद की हत्या भी करने वाले थे।











