पीएनबी रानीबाजार में लगी आग, फाइलें जलकर हुई खाक

दमकल ने कुछ देर मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है आग लगने का कारण।

बीकानेर। रानीबाजार स्थित पीएनबी शाखा में आज शाम अचानक आग लग गई। बैंक बिल्डिंग से धुआं निकलते देख सुरक्षाकर्मी ने दमकल विभाग और बैंक प्रबंधक को सूचना दी।

जानकारी के मुताबिक रानीबाजार चौराहे पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में आज शाम करीब छह बजे बैंक भवन से धूआं निकलने लगा। वहां तैनात सुरक्षाकर्मी की जैसे ही उस पर नजर पड़ी एकबारगी तो वह हतप्रभ रह गया लेकिन तुरंत अपने आप को संभालते हुए उसने पहले दमकल विभाग और फिर शाखा प्रबंधक एसएल रंगा को सूचना दी।

दमकल मौके पर पहुंचती इससे पहले सुरक्षाकर्मी ने वहां बैंक के ऋण विभाग कक्ष में लगी आग को बुझाने की कोशिश की। आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।

कुछ देर में ही दमकल भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया। हालांकि दमकल कर्मियों को आग लगने वाले स्थान पर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लेने से हादसा बड़ा नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि आग लगने की इस घटना में पीएनबी में रखी कई फाइलें जल कर खाक हो गई और कुछ फाइलें अधजली रहीं। गनीमत यह रही कि आज रविवार की छुट्टी थी वरना हादसा और भी ज्यादा गंभीर हो सकता था।

 

Newsfastweb: