निर्वाचन विभाग की अनूठी पहल, गूंजेगा प्रदेश

2458
निर्वाचन विभाग

बीकानेर। आम मतदाताओं के बीच मताधिकार के प्रति जागरुकता लाने के लिए निर्वाचन विभाग 25 नवंबर से 1 दिसंबर तक प्रदेश भर में सरगम सप्ताह का आयोजन करेगा। इसके तहत प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर जागरूकता संबंधी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जानकारी के मुताबिक सरगम के सात सुरों के साथ इस सप्ताह का नाम ‘द म्यूजिक ऑफ डेमोक्रेसी’ रखा गया है। इसमें सुरों के अनुसार मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा।।

सप्तक (सा.रे.गा.मा.पा.धा.नि) के अनुसार सातों दिनों में युवा, महिला, नवयुवक, दिव्यांगजनों आदि को ध्यान में रखकर कार्यक्रम करवाए जाएंगे। 25 नवंबर को (सा) को शहरी मानकर शहरी मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कैंडल मार्च निकाला जाएगा। साथ ही (साथी हाथ बढ़ाना, वोट डालकर आना) संदेश प्रसारित किया जाएगा।

26 को (रे) से राज्य के राज्यकर्मियों और सर्विस वोटर्स को बैंडवादन कर शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही (राष्ट्र के सम्मान में, लोकतंत्र की शान) में संदेश दिया जाएगा।

इसी तरह 27 नवंबर को (गा) को ग्रामीण मानकर वोट बारात थीम निकाली जाएगी और (गाएंगे-बजाएंगे, वोट डालने जाएंगे) संदेश दिया जाएगा।

28 को (मा) शब्द को महिलाओं से जोड़ते हुए (म्हारो वोट, म्हारो हक) का संदेश दिया जाएगा। 29 नवंबर को (पा) यानी पुरुषों की वोट मैराथन करवाई जाएगी और (पढ़कर-परखकर, वोट डालेंगे समझकर) लाइन के जरिए आमजन तक बात पहुंचाई जाएगी।

30 नवंबर को (धा) यानी दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल की रैली निकालकर (धन से धान से, वोट करेंगे ध्यान से) पंक्तियों के जरिए आमजन को जागरूक किया जाएगा और 1 दिसंबर को आखिरी दिन (नि) को नवयुवक मानते हुए मोटर बाइक और साइकिल रैली निकालकर (निकलेंगे हम शान से, वोट डालेंगे मान से) के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।

प्रत्येक दिवस के साथ एक म्यूजिकल थीम भी होगा, जो एक मतदाता जागरूकता गीत के रूप में होगा। इसी तरह प्रत्येक दिवस को सरगम के साथ सुरों के अलावा इंद्रधनुष के सात रंगों के साथ भी जोड़ा गया है, जिसके अंतर्गत प्रथम दिवस में वायलेट कलर, दूसरे दिन इंडिगो, तीसरे दिन ब्लू और इसी तरह इंद्रधनुष के अन्य रंगों का समावेश कर मतदाता जागरूकता की गतिविधियों में इन्हीं रंगों को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। इस सप्ताह के लिए लोगों भी जारी किया गया है।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.