बीकानेर। किसान आन्दोलन की आड़ में व्यापारियों का नुकसान करने वाले समाजकंटकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर मुक्ताप्रसाद कॉलोनी व्यापार मण्डल की ओर से मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांग का ज्ञापन पुलिस अधीक्षक को सौंपा।
प्रदर्शन करने आए मुक्ताप्रसाद कॉलोनी के व्यापारियों ने बताया कि कुछ लोग कॉलोनी में स्थित मिठाई की दुकान पर पहुंचे और वहां रखा दूध सड़क पर फैला दिया तथा दुकान के अन्दर घुस कर तोड़-फोड़ कर दी। दुकानदारों का नुकसान करने वाले ये लोग न तो किसान हैं और न ही किसान आन्दोलन से उनका कोई वास्ता है। इन लोगों ने समाजकंटकों जैसा व्यवहार किया है। इस बारे में नयाशहर थाने में शिकायत की गई थी। इसके बाद एक आरोपी को गाड़ी सहित पुलिस के हाथों पकड़वा दिया था, लेकिन कुछ देर बाद ही वह छूट गए और कॉलोनी में पहुंच कर दुकानदारों को धमकियां देने लगे।
पुलिस की कार्रवाई नहीं होने से इन लोगों के हौसले बढ़ गए हैं। पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन के जरिए सारे मामले से अवगत कराया गया है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।