नहीं मिला सरकारी योजना का लाभ, एसडीएम कोर्ट में हुआ पेश, उपखण्ड अधिकारी के मार्फत सरकार को चेतावनी।
बीकानेर। सरकारी योजना का लाभ नहीं मिलने के आरोप लगाते हुए पूगल में रहने वाले एक दिव्यांग ने सरकार को आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। इस दिव्यांग ने आज पूगल में एसडीएम कोर्ट में पेश होकर उपखण्ड अधिकारी के माध्यम से सरकार को सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है।
जानकारी के मुताबिक पूगल के चक 600 आरडी में रहने वाला गोवर्धन राम सरकारी सिस्टम से काफी परेशान हो गया है। धनक जाति के गोवर्धनराम के अनुसार वह 1997 से बीपीएल श्रेणी में है। उसके पास दिव्यांग होने सहित अन्य जरूरी सभी सरकारी कागजात हैं।
उसने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन भी सरकारी कार्यालय में पेश किया था। लेकिन लचर सिस्टम की वजह से उसे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिला है।
उसकी आर्थिक स्थिति काफी खराब है और वह सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पूरी तरह से वांछित भी बताया जा रहा है, लेकिन आवेदन के काफी दिनों बाद भी उसे सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल सका तो उसने परेशान होकर आज एसडीएम कोर्ट पहुंच उपखण्ड अधिकारी को सात दिनों का अल्टीमेटम दिया।
उसने कहा कि सात दिनों में अगर उसे सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला तो वह वहीं एसडीएम कोर्ट में आत्महत्या कर लेगा।
गौरतलब है कि एकतरफ तो मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सरकार की विभिन्न योजनाओं में लाभ ले चुके लाभार्थियों को जयपुर बुलवा कर उनसे जनता के सामने योजनाओं की विशेषताओं और सरकार की महिमा का बखान करवा रही हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वांछितों को नहीं मिल रहा है, इस तरफ जरा भी ध्यान नहीं दे रही है।










