स्वतंत्रता दिवस के बाद सेना भर्ती और फिर राजस्थान गौरव यात्रा
बीकानेर। मशक्कतभरी ड्यूटी के लिहाज से आने वाले करीब 20-22 दिन बीकानेर पुलिस के लिए काफी व्यस्त साबित होंगे। इन दिनों में पुलिस को पूरी तरह से मुस्तैद रह कर अपनी ड्यूटी करनी होगी।
आज सीमावर्ती इलाके में मानव शृंखला के बाद कल स्वतंत्रता दिवस पर पूरी तरह से चौकस रहने की ड्यूटी। इसके बाद शहर में सेना भर्ती होगी और फिर नए महीने में राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान सरकार का काफिले के यहां होने पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने होंगे।
गौरतलब है कि सरकार के आदेश पर आज सीमावर्ती इलाके में बनाई गई मानव शृंखला के सफल आयोजन के लिए पूरा जिला प्रशासन पिछले कई दिनों से दिन-रात एक कर रहा था। इस आयोजन के बाद कल स्वाधीनता दिवस पर स्पेशल ड्यूटी करते हए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबश्त करने होंगे।
इसके बाद अगले सप्ताह शहर में सेना भर्ती होनी है। जिसमें संभाग के कई जिलों के युवा यहां आएंगे। भर्ती से पहले और भर्ती के दौरान भी जिला पुलिस को पूरी तरह से चौकस रहना होगा। क्योंकि चुनावी समय में जरा सी चूक भी भारी पडऩे की संभावना है।
सेना भर्ती के बाद पुलिसकर्मी चैन की सांस भी नहीं ले पाएंगे कि प्रदेश की मुख्यमंत्री अपनी राजस्थान गौरव यात्रा लेकर यहां पहुंच जाएंगी। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री संभाग भर में कई जनसभाएं करेंगी। जाहिर सी बात है कि जब सरकार सिर पर हो तो चैन कहां। यात्रा के दौरान भी कई दिनों तक सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त रहना होगा।
व्यस्तता वाले इन दिनों में पूरी चौकसी बरतने के लिए महकमे के आला अधिकारियों ने अपने अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं। जिससे पुलिसकर्मी मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह से तैयार हो गए हैं। मुस्तैदी के चलते पुलिस की टीमें शहर भर में धर्मशालाओं, होटलों, रेलवे और बस स्टेण्ड पर सघन चैकिंग अभियान चला रही हैं।
संदिग्धों पर निगरानी रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाया गया है। कुल मिलाकर आने वाले मशक्कत भरे दिनों के लिए जिला पुलिस तैयार होने में जुटी है।











