कोताही नहीं बरतने की दी हिदायत
बीकानेर। प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय में आज एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें प्रारम्भिक शिक्षा के निदेशक श्यामसिंह राजपुरोहित ने पहली बार प्रदेश भर से आए जिला शिक्षा अधिकारियों और उपनिदेशकों से 24 बिंदुओ पर चर्चा की और उन्हें निर्देश दिए।
निदेशक श्यामसिंह राजपुरोहित ने आज पहली बार निदेशालय में प्रदेश भर से आए जिला शिक्षा अधिकारियों और उपनिदेशकों की बैठक लेते हुए कार्यालयों के पुनर्गठन, तृतीय श्रेणी शिक्षा भर्ती 2016-18 से सम्बंधित जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के निस्तारण के साथ सभी जिलों से सम्बंधित राज्य स्तरीय प्रकरणों के निस्तारण को लेकर बैठक का आयोजन किया गया है। इस बैठक में 35 जिला शिक्षा अधिकारियों के साथ उपनिदेशक और निदेशालय के अधिकारी मौजूद रहे।
सभी को राज्य सरकार की मंशा अनुसार शिक्षा में उत्तरोतर गुणवत्ता बनाने के लिए, सरकार की ओर से चलाई जा रही पोषाहार वितरण योजना, अन्नपूर्णा दूध वितरण योजना में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने, इन योजनाओं के क्रियान्वयन में दूरस्थ इलाकों में आ रही दिक्कतों पर चर्चा की गई है।
साथ ही सभी शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सरकार के बताए नियम-कायदों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
शाला पोर्टल पर अपडेशन करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। इनके अलावा शैक्षिक भ्रमण, बकाया पेंशन प्रकरणों, सीएम हैल्प लाइन में पंहुचे प्रकरणों के निस्तारण, अराजपत्रित कर्मचारियों के स्वीकृत, कार्यरत और रिक्त पदों की स्थिति के बारे में चर्चा की गई।











