सीवर लाइन बिछाने की मांग

वार्ड-58 के बाशिन्दों ने दिया ज्ञापन

बीकानेर। वार्ड 58 के तहत आने वाले क्षेत्र रामपुरा बस्ती के लोगों ने अपने इलाके में सीवर लाइन बिछाने की मांग की है।

क्षेत्रवासियों की ओर से दिए गए ज्ञापन के जरिए नगर विकास न्यास के अध्यक्ष महावीर रांका को अवगत कराया गया है कि रामपुरा बस्ती की गली 4 में तो सीवर लाइन काफी समय पहले ही बिछा दी गई थी लेकिन पास की अन्य गलियों में आज भी लोग सीवर के इंतजार में हैं।

अगर पूरे क्षेत्र में सीवर लाइन डाल दी जाए तो लोगों को काफी राहत मिलेगी और क्षेत्र भी साफ-सुथरा रहेगा।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि इन दिनों रामपुरा बस्ती में सड़कें बनवाई जा रही हैं। उनकी गली में भी सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा है जबकि उनकी गली में सीवर अभी नहीं डाली गई है। अगर वहां पहले सीवर लाइन डाल दी जाए तो बाद में सड़क नहीं तोड़नी पड़ेगी।

सड़कों का निर्माण कार्य रोक कर पहले सीवर लाइन डलवा दी जाए तो सरकार को राजस्व का नुकसान भी नहीं होगा और लोगों को पहले सीवर और उसके बाद सड़क मिल जाएगी।

ज्ञापन देने गए प्रतिनिधिमण्डल में जेठाराम, शिवदान, वेदप्रकाश, रूपाराम, हरीश, नेमप्रकाश, कान्ता, विमला, मैना, भंवरी देवी सहित कई क्षेत्रवासी शामिल थे।

 

Newsfastweb: