लगातार हो रही शिकार की वारदातों से जीव प्रेमियों में रोष
बीकानेर। शनिवार रात को दंतौर में हिरण का शिकार किया गया। जीव रक्षा प्रेमियों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने अज्ञात शिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया। जिले में लगातार हो रही शिकार की वारदातों से जीव रक्षा प्रेमियों में रोष नजर आ रहा है।
जानकारी के मुताबिक दंतौर क्षेत्र की 24 बीएलडी चक में शनिवार रात को किसी शिकारी ने कुडक़ा लगा कर हिरण का शिकार किया। इसका पता जैसे ही वहां के जीव प्रेमियों को लगा उन्होंने पहले पुलिस को और फिर वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। इस दौरान शिकारी अपनी करतूत को अंजाम देने के बाद मौके पर से फरार है।
आज अलसुबह मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों और जीव रक्षा संस्था के सुरेन्द्रकुमार भादू और रामचन्द्र बिश्नोई ने कुड़का निकाल कर हिरण को बचाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं बच सका।
क्षेत्रीय वन अधिकारी कृष्णकुमार ने मौके पर से कुड़का, उसमें फंसा हिरण और शिकार में उपयोग लिए गए उपकरण बरामद किए तथा अज्ञात शिकारी के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
जीव रक्षा संस्था के संरक्षक मोखराम धारणिया ने बताया कि क्षेत्रीय वन अधिकारी से मोबाइल पर बात की गई तो उन्होंने वहां हिरण के पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सक उपलब्ध नहीं होना बताया। इस पर उन्होंने पशुपालन विभाग के संयुक्त उपनिदेशक डॉ. विज से सम्पर्क किया। डॉ. विज ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे हिरण के शव को यहां गोगागेट स्थित पशु चिकित्सालय में लेकर आ जाएं, तीन चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड की मौजूदगी में हिरण के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया जाएगा।
धारणिया ने बताया कि दंतौर से हिरण के शव को लेकर पशु प्रेमी रवाना हो गए हैं। यहां पहुंचने पर हिरण के शव का पोस्टमार्टम करा कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।











