शिकारी गिरोह सक्रिय होने की आशंका
बीछवाल थाना पुलिस जुटी शिकारियों की तलाश में
बीकानेर। कानासर की रोही एक बार फिर शिकारियों की दरिंदगी की गवाह बनी है। बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित कानासर इलाके में शिकारियों ने दो हिरणों का बेरहमी से शिकार किया। आज जंगल में दो हिरणों के शव मिलने से सनसनी सी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जीव रक्षा संस्था के जिलाध्यक्ष मोखराम धारणियां अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और हालातों का मुआयना किया। साथ ही बीछवाल पुलिस व वन विभाग को भी सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर बोरे में बंद हिरणों के शव बरामद किए और अन्य साक्ष्य जुटाए।
बताया जा रहा है कि शिकारी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। जंगल में हिरणों के शव मिलने के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि यह संगठित शिकार गिरोह का काम हो सकता है, जो लंबे समय से सक्रिय है।
जीव रक्षा संस्था ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए गश्त बढ़ाई जाए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो।
यह घटना न केवल वन्यजीव संरक्षण कानूनों की खुलेआम अवहेलना है, बल्कि यह इंसानियत के नाम पर भी काला धब्बा है। अब देखना यह होगा कि वन विभाग और पुलिस मिलकर शिकारियों तक कब तक पहुंचते हैं।
#Kaant K.Sharma/ Bhawani Joshi
www.newsfastweb.com











