राज्य महिला आयोग ने शुरू की मुहीम
‘पिंक बेल्ट क्लब की शुरुआत’
बीकानेर। प्रदेश में महिला अपराध को देखते हुए स्कूल व कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं और महिलाओं को सशक्त करने का बीड़ा राज्य महिला आयोग ने उठाया है। महिलाओं और छात्राओं को मानसिक रूप से मजबूत बनाने, आत्मबल बढ़ाने, साइबर क्राइम से सुरक्षा व कानून की जानकारी देने के लिए हाल ही में आयोग ने ‘पिंक बेल्ट क्लब’ की शुरुआत की है। अब आयोग पूरे प्रदेश में यह मुहीम चलाने जा रहा है।
आयोग के अनुसार क्लब ना सिर्फ बेटियों को कानून की जानकारी देगा, बल्कि उन्हें स्वयं ही अपनी रक्षा करने से लेकर हौसला बढ़ाने तक के लिए प्रेरित करेगा। आयोग प्रदेश भर में इसे शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देकर उन्हें विधिक के साथ-साथ मानसिक व शारीरिक रूप से इतना मजबूत करना है कि वे किसी भी तरह से अत्याचार का प्रतिकार कर सकें और स्वयं अपनी सुरक्षा कर सकें। इस क्लब की शुरुआत करने के पीछे मकसद एक ऐसी टीम का गठन करना है जो बिना किसी हथियार के सशक्त हो और अन्य महिलाओं की भी रक्षा कर सके।
ऐसे हुई क्लब की शुरूआत
महिला आयोग ने पिछले महीने 25 अप्रेल को जयपुर में पिंक बेल्ट क्लब की शुरुआत की है। इसमें स्कूल व कॉलेज की 400 छात्राओं को आत्मरक्षा से जुड़ी तमाम जानकारियां दी गई। साथ ही लड़कियों के अलग-अलग समूह बनाकर उन्हें विशेष प्रशिक्षण देने की व्यवस्था भी की गई। ये प्रशिक्षण सभी जिलों में चयनित बालिकाओं को दिया जाएगा। ये बालिकाएं प्रशिक्षित होने के बाद बाकि बेटियों की सुरक्षा का जिम्मा भी उठा सकेंगी।
ये होगा फायदा
बेटियां साइबर क्राइम से सुरक्षा जान सकेंगी।
छेड़छाड़ होने पर शिकायत कहां करनी हैं, थानों में एफआईआर दर्ज नहीं होने पर क्या करना चाहिए, महिला सुरक्षा सम्बंधी एप की जानकारी ले सकेंगी। आत्मरक्षा का प्रशिक्षण ले सकेंगी। बालिकाओं और महिलाओं में आत्मबल उत्पन्न होगा।