बीकानेर। मान्यताओं से हटकर एक बार फिर बेटियों ने बेटे का धर्म निभाया है। पुत्र की कमी बेटियों ने कहीं भी खलने नहीं दी और अपने पिता का रीतिरिवाज के मुताबिक अंतिम संस्कार करवाया।
चौतीना कुंआ क्षेत्र में रहने वाले सुमन्तसिंह की आज मृत्यु हो गई थी। रिश्तेदार इस बात पर विचार किए जा रहे थे कि उन्हें मुखाग्नि कौन देगा। इसी बीच किसी रिश्तेदार ने ही सलाह दी कि इस क्रिया को उनकी तीन बेटियों सोनल कंवर, कोयल कंवर और राजश्री से ही करवाया जाए। राजश्री की आयु काफी कम थी, इस वजह से उसे तो घर ही रहने दिया। सोनल और कोयल दोनों बेटियों ने अपने पिता की अर्थी को कंधा देते हुए रानीबाजार क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम तक गईं और वहां अपने पिता को मुखाग्नि दी। इससे पहले जो भी क्रियाक्रम थे, वो सब इन दोनों बेटियों ने ही किए।
बताया जा रहा है कि सुमन्तसिंह यूको बैंक में लिपिक के पद पर कार्यरत थे। वे दो-तीन महीनों से काफी बीमार चल रहे थे। इसी बीमारी की वजह से आज सुबह उनका निधन हो गया था।











