आश्वासन पर नायक समाज के लोगों ने खत्म किया धरना
बीकानेर। पिछले दिनों नयाशहर थाना क्षेत्र में हुए झगड़े मेंं घायल युवक चुन्नीलाल नायक की मौत को लेकर मचा बवाल आज शांत हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) से मिले आश्वासन के बाद मृतक के परिजनों ने धरना खत्म कर दिया और पोस्टमार्टम करा कर शव का अंतिम संस्कार किया।
जानकारी के मुताबिक 5-7 दिनों पहले चौंखूटी ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग शराब पी रहे थे। बाद में वहीं आपस में कहासुनी हो गई। कहासुनी ज्यादा बढ़ गई तो कुछ लोगों ने चुन्नीलाल नायक नाम के युवक को पीट दिया। वारदात कई चरणों में और कई जगहों पर हुई। मारपीट में घायल हुए युवक को ट्रोमा सेन्टर में भर्ती कराया गया था। तब से ही वह उपचाराधीन था।
शुक्रवार को अचानक उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और शाम पांच बजे उसकी सांसें थम गईं। चुन्नीलाल की मौत से उसके परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने शव उठाने से इनकार कर दिया। पीबीएम कर्मचारियों ने शव को वहीं मोर्चरी में रखवा दिया लेकिन परिजनों ने अपने आक्रोश के चलते पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने शाम को ही धरना लगा दिया।
परिजन आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने, मामले की जांच उच्च अधिकारी से करवाने और शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाने की मांग कर रहे थे।
आज सुबह नयाशहर थाना के पुलिस अधिकारी धरनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश करते हुए उन्हें बताया कि पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा धरने पर पहुंचे और परिजनों और समाज के मौजीज लोगों से वार्ता की। बताया जा रहा है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और मेडिकल बोर्ड की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाने का आश्वासन उन्हें दिया था। इसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया।