प्राथमिक से पहुंचेंगे माध्यमिक शिक्षा में
बीकानेर। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक कार्यालय में शुक्रवार को तृतीय श्रेणी शिक्षकों की काउंसलिंग शुरू हुई। इस काउंसलिंग के जरिए 272 तृतीय श्रेणी शिक्षक अब प्राथमिक शिक्षा से माध्यमिक शिक्षा में पहुंच जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक वर्ष-2015 से पहले नियुक्ति पा चुके प्राथमिक शिक्षा के 272 शिक्षकों को सैटअप परिवर्तन के लिए आज काउंसलिंग के लिए बुलाया गया। सुबह दस से 11 बजे तक पंजीयन कार्य किया गया। इसके काफी देर बाद काउंसलिंग शुरू की गई। काउंसलिंग में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दयाशंकर अड़ावतिया, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनील बोड़ा और भूपसिंह तिवारी मौजूद थे। इन तीनों अधिकारियों ने सभी शिक्षकों से काउंसलिंग की।
गौरतलब है कि काउंसलिंग में शामिल हुए सभी शिक्षक लेवल-प्रथम और ग्रेड-3 के हैं। सैटअप परिवर्तन के बाद भी ये लेवल-प्रथम और ग्रेड-3 ही रहेंगे।
उधर, काउंसलिंग को लेकर कई शिक्षक नेताओं में इस बात का रोष है कि सरकार शिक्षा में नित नए बदलाव कर रही है। उन्हें आशंका है कि इस सैटअप परिवर्तन के जरिए सरकार कहीं प्राथमिक शिक्षा को समाप्त तो नहीं कर रही है।