ज्योति खंडेलवाल और अमीन कागजी के बयानों पर बवाल
जयपुर। कांग्रेस की अन्दरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सड़क पर आ गई है। कांग्रेस की पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल और किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हारने वाले नेता अमीन कागजी के बयानों के बाद पार्टी के भीतर बवाल मच गया है।
जानकारी के मुताबिक जयपुर में किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव की तैयारी कर रही कांग्रेस की प्रदेश महासचिव और पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल की ओर से धर्म के आधार पर मतदाताओं के आंकड़े जारी करवा दिए हैं। जिसकी वजह से पार्टी में बवाल खड़ा हो गया है। इस बारे में मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बाद से प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश प्रभारी भी इस मामले से खासे नाराज बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व जल्दी ही इस मामले में ज्योति खंडेलवाल को तलब कर सकता है या नोटिस भेज कर स्पष्टीकरण मांग सकता है। वहीं प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और सह प्रभारी विवेक बंसल भी इस मामले को लेकर काफी नाराज हैं। जानकारों के मुताबिक यह मामला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी तक भी पहुंच गया है।
सूत्रों ने बताया कि ज्योति खंडेलवाल के बयान कल दिन भर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में चर्चा का विषय बने रहे। कांग्रेस के राजनीतिक गलियारों में चर्चा इस बात की है कि इस तरह के बयान सार्वजनिक रूप से नहीं दिए जाने चाहिए। अगर किसी को अपनी बात रखनी है तो पार्टी फोरम इसके लिए उपयुक्त मंच साबित हुआ है। ऐसे बयानों से पार्टी की किरकिरी होती है।
ये दिया था बयान
कांग्रेस की प्रदेश महासचिव ज्योति खंडेलवाल ने किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम उम्मीद्वारों पर सवाल खड़ा करते हुए कहा था कि किशनपोल से ज्यादा मुस्लिम तो हवामहल विधानसभा क्षेत्र में है, ऐसे में मुस्लिम को हवामहल विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया जाना चाहिए।
ज्योति खंडेलवाल ने बाहरी उम्मीद्वारी पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने अपने बयानों में कहा किशनपोल से स्थानीय की बजाय बाहरी उम्मीद्वार को थोप दिया जाता है, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती है और इसका खमियाजा पार्टी को हार के रूप में भुगतना पड़ता है।
इससे पहले ज्योति खंडेलवाल की ओर से धर्म के आधार पर जयपुर की तीन सीटों किशनपोल, हवामहल और आदर्श नगर की मतदाता सूचियों का आंकड़ा जारी किया गया था।
कागजी के बयान से भी पार्टी की बढ़ी मुसीबत
पिछले विधानसभा चुनाव में किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीद्वार रहे अमीन कागजी ने भी बयान देकर पार्टी की मुसीबतें और बढ़ा दी है। कागजी ने ज्योति खंडेलवाल की ओर से जारी किए गए बयान पर सवाल खड़े किए।
कागजी ने कहा कि जिस मतदाता सूची के जरिए मतदाताओं के आंकड़े ज्योति खंडेलवाल की ओर से जारी किए गए हैं, वो पुराने हैं, नई मतदाता सूची तो अभी आई ही नहीं है। साथ ही कागजी ने धर्म के आधार पर आंकड़े जारी करने पर कई तरह के सवाल उठाए।