गैस सिलेण्डर के बढ़े दामों का विरोध
बीकानेर। महिला शहर कांग्रेस (congress) की ओर से शनिवार को घरेलू गैस सिलेण्डर के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में कोटगेट पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने अपने मुंह पर काली पट्टी बांधी और हाथों में ‘पहले पुरूष परेशान अब महिलाएं परेशान’, ‘मोदी क्या समझे महिलाओं का दर्द’ जैसे नारे लिखी तख्तियां भी थी।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का नेतृत्व कर रही महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता गौड ने बताया कि पिछले चार वर्षो में महंगाई ने आमजन की कमर तोड़ दी है। गरीब और कमजोर तबके के लोगों पर यह आर्थिक भार है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाएंं रसोई गैस की बढ़ी दरें वापस लेने की मांग करती है। सरकार ने 10 दिनों में बढ़ी हुई दरें वापस नहीं ली तो महिला कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।
प्रदर्शन में उनके साथ मनभरी, विमला फोगा, बसिरन, अमरजीत कौर, मुमताज शेख, आशा स्वामी, संतोष भाटी, अनुराधा भाटी, परमेश्वरी बिश्नोई, जशोदा सहित पार्टी की कई कार्यकर्ताएं मौजूद थी।











