गौरव यात्रा के काउंटर के रूप में कांग्रेस की संकल्प रैली
जयपुर। कांग्रेस शुक्रवार से सांवलियाजी से अपनी संकल्प रैली की शुरुआत करेगी। विधानसभा चुनाव में अब लगभग साढ़े तीन महीनों का समय शेष रहता देख कर कांग्रेस और भाजपा ने लोगों के बीच पहुंचने की कोशिशें तेज कर दी हैं।
भाजपा चुनाव से पहले जहां राजस्थान गौरव यात्रा निकाल रही है। वहीं कांग्रेस की ओर से गौरव यात्रा के काउंटर के रूप में संकल्प रैली निकालने जा रही है। आने वाले दिनों में विधानसभा के चुनाव मैदान में भाजपा-कांग्रेस के बीच घमासान लगातार बढ़ता ही दिखाई देने वाला है।
राजनीति गलियारों की जानकारी रखने वालों के मुताबिक कांग्रेस भाजपा को जवाब देने के लिए शुक्रवार से संकल्प रैली की शुरुआत चित्तौडगढ़ के सांवलियाजी से करने जा रही है। इस रैली में एक लाख से ज्यादा लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। माना जा रहा है कि बड़ी भीड़ के साथ रैली की शुरुआत करके कांग्रेस भाजपा को जवाब देना चाहती है।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस की इस संकल्प रैली को लेकर तैयारियां जोरों से चल रही है। संकल्प रैली की शुरुआत पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट, राष्ट्रीय संगठन महासचिव अशोक गहलोत, डॉ. सीपी जोशी, भंवर जितेंद्र सिंह सहित प्रदेश के कई बड़े नेता करेंगे।
गौरतलब है कि उदयपुर संभाग की सीटों का प्रदेश की राजनीति पर खास प्रभाव रहा है। माना जाता हैं यहां जिस पार्टी के खाते में अधिकतर सीटें गई हैं, राज्य में सरकार उसी की बनी है।
भाजपा ने गौरव यात्रा की शुरुआत मेवाड़ के चारभुजानाथ जी से की थी। वहीं, कांग्रेस भी मेवाड़ के सांवलियाजी से यात्रा की शुरुआत कर रही है। दरअसल, इस क्षेत्र में सांवलियाजी की मान्यता लोगों के बीच काफी है। कांग्रेस की ओर से शुरू होने वाली इस रैली में भाजपा सरकार की नाकामियों को आमजन के बीच में रखा जाएगा।











