सीवर लाइन बदलने, स्वच्छ पानी की आपूर्ति देने की मांग
बीकानेर। कांग्रेस ए ब्लॉक पदाधिकारियों की ओर से आज दाउजी मंदिर रोड पर रास्ता रोका गया और सीएम का पुतला फूंका गया। प्रदर्शनकारी इलाकों में दूषित पानी आपूर्ति करने, सीवर लाइन बदलने जैसी कई मांगों को लेकर रास्ते रोके हुए थे।
बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया और जल्दी ही समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। साथ ही सीवर लाइन दुरुस्त करने का कार्य नगर निगम की ओर से शुरू कर दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रास्ता खोल दिया।
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक कसाईबारी, चूनगरों का मोहल्ला, खटीकों का मोहल्ला, सुभाष मार्ग आदि इलाकों में काफी दिनों से दूषित पानी की आपूर्ति दी जा रही है। वहीं इन इलाकों में वर्षों पहले बिछाई गई सीवर लाइन भी जर्जर हालत में है। कई स्थानों पर सीवर लाइन जाम हो गई है।
नालियों के क्रॉस सही नहीं हैं जिसकी वजह से गंदा पानी सड़कों पर पसरा रहता है। कई बार निकायों के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इन समस्याओं से अवगत कराया गया लेकिन कोई समाधान नहीं निकला तो आज धरना देकर रास्ता रोका गया और सीएम का पुतला फूंका गया।
रास्ता रोके जाने की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाइश की कोशिश की गई लेकिन प्रदर्शनकारी मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजे जाने की जिद पर अड़े रहे।
इस पर आला प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियन्ता दीपक बंसल अपने अन्य अधिनस्थों के साथ मौके पर पहुंचे और इलाकों में हालात का जायजा लिया।
वहीं नगर निगम के आयुक्त ताजमोहम्मद और अधीक्षण अभियन्ता ललित ओझा और बिजली आपूर्ति कम्पनी के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंच कर विभिन्न इलाकों में निरीक्षण किया।
नगर निगम की ओर से सीवर लाइन बदलने का कार्य तत्काल शुरू करवा दिया। शेष समस्याओं के जल्दी समाधान के लिए भी प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया।
प्रदर्शन और सीएम का पुतला फूंकने वालों में पीसीसी सदस्य मकसूद अहमद, साजिद सुलेमानी, मोहम्मद अख्तर कलीम, गोवर्धनलाल मीणा, धनपत चायल, रमजान कच्छावा, कमल कल्ला, देवेन्द्र बिस्सा, विक्की चढ्ढा, हसन अली सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और इलाके की महिलाएं शामिल रहीं।











