कांग्रेस : सचिन पायलट मुख्यमंत्री राजे से पूछेंगे 40 सवाल

राजस्थान गौरव यात्रा को लेकर खड़े किए सवाल

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट ने भाजपा की राजस्थान गौरव यात्रा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सचिन पायलट ने यह कहा कि प्रदेश की सरकार ने साढ़े चार वर्षों में कोई भी काम ऐसा नहीं किया है जिस पर गौरव किया जा सके।

साढ़े चार वर्षों में प्रदेश का प्रत्येक वर्ग परेशान हुआ है। लिहाजा मुख्यमंत्री को अब जवाबदेही यात्रा निकालनी चाहिए। जनता के साथ सीधे संवाद कर उनके सवालों के जवाब देने चाहिए।

सचिन पायलट ने कहा कि मुख्यमंत्री की 40 दिनों की यात्रा पर नजर रखे हुए हैं। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस रोजाना एक सवाल मुख्यमंत्री से पूछेगी। यानी 40 दिनों में कांग्रेस मुख्यमंत्री से 40 सवालों के जवाब मांगेगी।

यह सवाल जनता से जुड़े होंगे, भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र से संबंधित होंगे और जो वायदे पूरे करने में भाजपा नाकाम रही है उससे संबंधित होंगे।

सचिन पायलट ने प्रेस वार्ता में यह भी कहा की मंदिर और गाय की राजनीति करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने जयपुर में सैकड़ों मंदिरों को तोड़ा है और हिंगोनिया गौशाला में उनके खराब मैनेजमेंट के चलते न जाने कितनी ही गायों को अपनी जान गवानी पड़ी है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से इन्हीं मुद्दों के जरिए वोट हासिल करने की तैयारी कर रही है।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर लाल डूडी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने मेनिफेस्टो में की गई घोषणाओं में किसी को भी पूरा नहीं किया गया है।

हाड़ौती में सबसे अधिक किसान परेशान है, जबकि बीकानेर दौरे पर 200 करोड़ खर्च करने वाली मुख्यमंत्री इंदिरा गांधी नहर में टेल के आखिरी किसान को पानी नहीं दे पाई है।

आज का सवाल : क्यों हो रहा है यात्रा पर सरकारी धन खर्च

पायलट ने मुख्यमंत्री से आज का सवाल पूछते हुए कहा की जब राजस्थान गौरव यात्रा एक चुनावी यात्रा है तो इसका टेंट और साउंड का खर्च सरकारी विभाग को वहन करने का आदेश क्यों दिया गया है। जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा भारतीय जनता पार्टी की चुनावी यात्रा पर क्यों खर्च किया जा रहा है।

 

Newsfastweb: