पेन कार्ड और आयकर दाता देख बनाए जा रहे पार्टी के सदस्य, अब तक तीन सौ
बीकानेर। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी किसी भी तरह से पिछड़ना नहीं चाहती है। जिसके लिए पार्टी सभी तरह के प्रयास करने में जुटी नजर आ रही है।
इसी कड़ी में कांग्रेस ने एक साल पहले प्रोफेशनल विंग की शुरुआत की थी, जिसमें पार्टी का टारगेट सेवानिवृत प्रशासनिक अधिकारी, इंजीनियर्स, चिकित्सक, आईटी एक्सपर्ट, एनजीओ से जुड़े अधिकारियों को पार्टी से जोड़ना था। जिसमें कांग्रेस पूरी तरह से कामयाब भी हुई दिखाई दी है।
जानकार सूत्रों के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी ऐसे लोगों को पार्टी में लाने के इच्छुक हैं।
प्रोफेशनल कांग्रेस विंग का गठन
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने लगभग एक साल पहले प्रोफेशनल कांग्रेस विंग का गठन भी किया था। इसकी कमान पूर्व केन्द्रीय मंत्री शशि थरूर को दी हुई है, जबकि प्रदेश में 26 जनवरी, 2018 को इस विंग की कमान जयपुर के चौमू के पूर्व राजघराने की रुकमणी कुमारी को दी गई है।
प्रदेश में इसी विंग के जरिए प्रोफेशनल को जोड़ने का काम किया जा रहा है। वर्ष-2017 से अभी तक प्रोफेशनल विंग में 300 से ज्यादा स्थाई सदस्य जोड़ चुकी है। इसमें सभी विभाग के बड़े रिटायर्ड अधिकारी सदस्य बन गए हैं।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार इनमें से कांग्रेस ज्यादातर चेहरों को इस विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है। इन सदस्यों को पार्टी उस जगह से उम्मीदवार बना सकती है, जहां से सीट लगातार तीन बार खो चुकी है। इसी कारण से कांग्रेस वहां से राजनेता के अलावा प्रोफेशनल पर ज्यादा भरोसा जता रही है।
अब पार्टी यह तय करेगी कि वह उम्मीदवार वहां कितना लोकप्रिय है, उसका कैरियर बेदाग रहा है या नहीं, इसके पश्चात ही पार्टी उसे अपने सिम्बल पर उम्मीदवार घोषित कर सकती है।
पेन कार्ड, आयकर दाता होना जरूरी
पार्टी के प्रोफेशनल विंग में जुड़ने वाले अधिकारियों के लिए पार्टी की यह गाइडलाइन थी कि जिसके पास पेन कार्ड होगा और जो आयकरदाता होगा उसे ही पार्टी के प्रोफेशनल विंग का सदस्य बनाया जाएगा। जिसके बाद पार्टी में रिटायर्ड अधिकारियों ने सम्पर्क कर सदस्ता ग्रहण की।











